RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची स्थित बुढ़मू, खलारी, पिपरवार, मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र में वर्षों से दहशत का पर्याय रहे प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के सब-जोनल कमांडर आदिल अंसारी उर्फ देवा उर्फ बाबू अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए देवा ने लोहरदगा के ईदगाह मोहल्ला स्थित किराए के मकान की छत से छलांग लगा दी, लेकिन घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रिम्स रांची रेफर किया गया है। बता दें कि रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि टीएसपीसी का कुख्यात कमांडर देवा लोहरदगा में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही खलारी व मैकलुस्कीगंज थाना की पुलिस और सशस्त्र बलों की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही देवा छत से कूदकर फरार होने की कोशिश की, लेकिन भागने में नाकाम रहा।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि देवा ने खलारी, पिपरवार और मैकलुस्कीगंज के कोयला कारोबारियों, ठेकेदारों और व्यवसायियों से लेवी वसूली का संगठित नेटवर्क खड़ा कर रखा था। लेवी नहीं देने पर धमकी, फायरिंग और जान से मारने की धमकी देना उसकी रणनीति का हिस्सा था। उसकी सक्रियता से पूरे कोयलांचल में भय का माहौल बना हुआ था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से चार मोबाइल, दो राउटर और टीएसपीसी से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। पूछताछ में संगठन के कई अहम राज भी सामने आए हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जल्द ही पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर क्षेत्र को उग्रवादियों से मुक्त किया जाएगा।
इस कार्रवाई में डीएसपी रामनारायण चौधरी, थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो, धनंजय बैठा सहित कई अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। देवा के खिलाफ खलारी, पिपरवार बुढमु, मैक्लुस्कीगंज आदि थाना क्षेत्र में दर्जनों गंभीर आपराधिक मामले दर्ज है।

