Dhanbad (Jharkhand) : भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को बाघमारा विधानसभा क्षेत्र में विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में बांग्लादेशी घुसपैठ पर कड़ा कानून लाया जाएगा और आदिवासियों की जमीन को अवैध घुसपैठियों से मुक्त कराया जाएगा।

झारखंड में घुसपैठियों के खिलाफ कड़ा एक्शन
अमित शाह ने मंच से कहा कि झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठियों को चुन-चुनकर उनकी मातृभूमि बांग्लादेश भेजा जाएगा। “हमारा साफ संदेश है कि जो लोग तीन-तीन शादियां करके आदिवासी भूमि पर कब्जा कर रहे हैं, उनकी जमीन वापस ली जाएगी। सभी घुसपैठियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी,” शाह ने कहा।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि सरकार बनते ही घुसपैठियों को बाहर करने के लिए कानून में बदलाव किया जाएगा, ताकि इस मुद्दे पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सके। “भ्रष्टाचार और घुसपैठियों के कारण आदिवासी समाज की भूमि पर कब्जा किया जा रहा है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यह भूमि उनके पास लौटे,” उन्होंने कहा।
हेमंत सोरेन पर हमला
अमित शाह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी निशाना साधा और उन्हें “जला हुआ ट्रांसफार्मर” करार दिया। उन्होंने कहा, “हेमंत सोरेन बिजली के ट्रांसफार्मर की तरह हैं। केंद्र से पैसा आया, लेकिन सोरेन ने इसे अपनी सरकार के मंत्री और अपने लिए हड़प लिया। लोगों तक इसका लाभ नहीं पहुंचा।”
अमित शाह ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन की सरकार ने झारखंड में केवल घुसपैठ को बढ़ावा दिया और राज्य के लोगों की भलाई की बजाय वोट बैंक की राजनीति की। उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड को कांग्रेस सरकार के दौरान सिर्फ 84,000 करोड़ रुपये मिले थे, जबकि भाजपा सरकार ने 2014 से 2024 तक राज्य को तीन लाख 90 हजार करोड़ रुपये दिए।
बेरोजगारी भत्ता और युवा उत्थान की योजना
अमित शाह ने यह भी ऐलान किया कि भाजपा की सरकार बनने पर झारखंड के सभी युवाओं को हर महीने 2,000 रुपये बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल योजनाएं नहीं, बल्कि उन्हें जमीन पर लागू भी करती है।

