Jamshedpur : देश के प्रथम गृहमंत्री एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर मंगलवार को लौहनगरी जमशेदपुर में विशाल यूनिटी मार्च का आयोजन हुआ। सांसद विद्युत वरण महतो के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू सहित भाजपा पदाधिकारी, छात्र-छात्राएं, एनएसएस सदस्य, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।
यूनिटी मार्च की शुरुआत आदित्यपुर पुल के पास स्थित सरदार पटेल स्मारक से हुई, जहां सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। तिरंगा लिए युवा भारत माता की जय और सरदार पटेल अमर रहें के नारे लगाते हुए बिस्टुपुर ट्रैफिक लाइट, एन रोड और आउटर सर्किल रोड मार्ग से होते हुए पुनः स्मारक तक पहुंचे, जहां यह मार्च संपन्न हुआ।
मौके पर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि आज का विराट भारत सरदार पटेल के अद्भुत प्रयासों का नतीजा है। देश की 565 रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की नींव रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह द्वारा धारा 370 और 35 ए समाप्त किए जाने के बाद कश्मीर भारत का अभिन्न अंग बन कर सरदार पटेल के सपने को साकार कर रहा है। यह मार्च युवाओं में राष्ट्रीय एकता, कृतज्ञता, समर्पण और मजबूत भारत के संकल्प को जागृत करने का प्रयास है।
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि 565 रियासतों को जोड़कर सरदार पटेल ने भारत को एक सूत्र में पिरोया। आज आवश्यकता है कि हम एकता, अखंडता और आत्मनिर्भरता के संकल्प के साथ आगे बढ़ें। युवा ही राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं।
मार्च में देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, बिनोद सिंह, दिनेश कुमार, गुंजन यादव, रमेश हांसदा, संजीव सिन्हा, अमरजीत सिंह राजा, राजीव सिंह, रेणु शर्मा सहित हजारों नागरिक उपस्थित थे।

