New Delhi: सेंट्रल दिल्ली की करोल बाग थाना पुलिस ने एक हाई-प्रोफाइल ठगी के मामले का खुलासा किया है। यूएसडीटी क्रिप्टोकरेंसी के नाम पर 57 लाख रुपये की ठगी करने वाले पांच सदस्यों वाले गिरोह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी की पूरी रकम नकद, एक टोयोटा फॉर्च्यूनर और दो स्कूटर बरामद किए हैं। यह कार्रवाई तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी विश्लेषण और गहन पूछताछ के बाद 3 जुलाई को की गई।

डीसीपी निधिन वाल्सन के अनुसार, 30 जून को करोल बाग थाने में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। जिसमें पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उसे यूएसडीटी क्रिप्टोकरेंसी में निवेश का झांसा देकर 57 लाख रुपये नकद ले लिए और फिर फरार हो गए। आरोपी अजय और अनमोल ने पीड़ित को गुरु जी टूर एंड ट्रैवल्स ऑफिस में बुलाकर शिवम और उसके सहयोगियों से मिलवाया। वहां से सारा लेन-देन हुआ, लेकिन क्रिप्टो ट्रांसफर नहीं किया गया।
पुलिस ने गठित की टीम
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की। जिसने रायगढ़पुरा स्थित एक किराये के मकान से प्रवीण कुमार, नितिन शर्मा, राकेश दत्ता, अजय चौधरी और अनमोल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सभी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। हालांकि, गिरोह का मुख्य सरगना शिवम अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह एक संगठित गिरोह था जो लोगों को क्रिप्टोकरेंसी के नाम पर धोखा देता था। मामले में आगे की जांच जारी है।
READ ALSO: बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे बनेगा यूपी का पहला सोलर एक्सप्रेस-वे

