RANCHI: दिल्ली में गंभीर वायु प्रदूषण, घने कोहरे और स्मॉग के कारण उड़ानों पर असर पड़ा है। खराब मौसम और विजिबिलिटी में भारी कमी के कारण रांची से दिल्ली जाने वाली कई उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि कुछ उड़ानें देर हुईं। ऐसे में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी भी इस वजह से दिल्ली नहीं जा सके।
दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड मेडिकल समिट में 107 देशों के स्वास्थ्य मंत्री, डॉक्टर, विशेषज्ञ और मेडिकल एक्सपर्ट शामिल हो रहे हैं। इस सम्मेलन में देश के प्रधानमंत्री, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों को भी शामिल होना है। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री भी इस समिट में शामिल होने वाले थे, लेकिन उड़ान रद्द होने के कारण वे दिल्ली नहीं पहुंच सके।
डॉ. इरफान अंसारी ने वायु प्रदूषण पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदूषण अब केवल पर्यावरण की समस्या नहीं, बल्कि एक गंभीर स्वास्थ्य और प्रशासनिक संकट बन चुका है। उन्होंने कहा कि फ्लाइट रद्द और देरी होने से आम जनता के साथ-साथ आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। कई मामलों में मरीजों को समय पर एंबुलेंस नहीं मिल पा रही है और एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।

