Home » Dhanbad Education : मजदूर की बेटी राशिदा नाज बनीं झारखंड टॉपर, मेहनत और अनुशासन से रचा इतिहास

Dhanbad Education : मजदूर की बेटी राशिदा नाज बनीं झारखंड टॉपर, मेहनत और अनुशासन से रचा इतिहास

by Mujtaba Haider Rizvi
Rashida Naz Jharkhand topper
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Dhanbad : कहते हैं कि जब इरादे मजबूत हों तो हालात भी रास्ता नहीं रोक पाते। इस कहावत को सच कर दिखाया है धनबाद की रहने वाली राशिदा नाज ने। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की 12वीं परीक्षा (विज्ञान संकाय) में राशीदा ने 500 में 489 अंक हासिल कर पूरे राज्य में टॉप किया है। उनकी यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात बन गई है।

राशिदा नाज डीएवी प्लस टू हाई स्कूल, पाथरडीह की छात्रा हैं। बेहद साधारण परिवार से आने वाली राशीदा के पिता मो. रुस्तम अंसारी पश्चिम बंगाल के नियामतपुर स्थित चीनाकुड़ी में एक कंपनी में ठेकाकर्मी हैं, जबकि उनकी मां गुलअफ़्सा परवीन गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद राशिदा ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की।

परिवार में है शिक्षा का माहौल

परिवार में शिक्षा का माहौल भी प्रेरणादायक रहा। उनके बड़े भाई मो. जुनैद अली उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, वहीं बड़ी बहन कनिज फातिमा बीएड कर शिक्षिका बनने की तैयारी में हैं। राशिदा अपनी बहन को ही अपना आदर्श मानती हैं और खुद भी भविष्य में शिक्षिका बनकर समाज की सेवा करना चाहती हैं।

रोज आटो से जाती थीं स्कूल

राशिदा पहले भूलन बरारी में रहती थीं और फिलहाल जामाडोबा रमजानपुर क्षेत्र में रह रही हैं। वे रोजाना करीब 7 किलोमीटर टेंपो से स्कूल जाती थीं। खास बात यह है कि उन्होंने किसी भी प्रकार की कोचिंग या ट्यूशन नहीं ली। उन्होंने पूरी तरह सेल्फ स्टडी और यूट्यूब के माध्यम से पढ़ाई कर यह मुकाम हासिल किया।

उनका दैनिक रूटीन भी बेहद अनुशासित रहा। राशिदा रोज सुबह 4 बजे उठकर पढ़ाई शुरू करती थीं और दिन में 8 से 10 घंटे पढ़ाई करती थीं। परीक्षा के समय यह समय और भी बढ़ जाता था। उन्होंने हर विषय के लिए लक्ष्य तय किया और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का नियमित अभ्यास किया। किसी भी समस्या के समाधान के लिए वे शिक्षकों से व्हाट्सएप के जरिए संपर्क करती थीं।

राशिदा ने अन्य छात्रों को सलाह दी है कि वे समय से पहले अपना सिलेबस पूरा करें और नियमित अभ्यास के साथ रोजाना 8-10 घंटे पढ़ाई करें। सफलता जरूर मिलेगी।

विषयवार अंक :
अंग्रेजी – 98
भौतिकी – 97
रसायन – 99
गणित – 98
रिटेल – 97
कंप्यूटर साइंस – 79

राशिदा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से स्कूल में खुशी का माहौल है। प्रधानाचार्य अरविंद कुमार पांडेय समेत सभी शिक्षकों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Read Also: JAC 12th Result 2026 LIVE : झारखंड जैक 12वीं का रिजल्ट जारी, छोटी कुमारी, श्वेता प्रसाद और राशिदा नाज बनी टॉपर

Related Articles

Leave a Comment