Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के काटेपाड़ा गांव के जंगल से मंगलवार को एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान मोहलडीह निवासी 20 वर्षीय मुकेश बारजो के रूप में हुई है। युवक पताहातू मेला देखने गया था। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
कपड़ों से हुई पहचान
काटेपाड़ा के ग्रामीण मुंडा ने जंगल में शव देखकर इसकी सूचना जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू दास को दी। सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया।शव की स्थिति देखकर प्रतीत हो रहा है कि हत्या 4 से 5 दिन पहले की गई है। पुलिस ने कपड़ों के आधार पर युवक की पहचान की और परिजनों को सूचना दी।
एक संदिग्ध हिरासत में
थाना प्रभारी टिंकू दास ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मुकेश पताहातू मेला देखने के लिए घर से निकला था, जिसके बाद से वह लापता था। पुलिस हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है। शव का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

