स्पोर्ट्स डेस्क : राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सोमवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में धुआंधार पारी खेलकर रिकॉर्डों की झड़ी लगा दी। महज 14 साल की उम्र में वैभव ने 17 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर आईपीएल इतिहास के सबसे युवा अर्धशतकवीर बन गए। यही नहीं, वैभव ने 35 गेंदों पर शानदार शतक ठोक कर एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह आईपीएल में सबसे तेज शतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं।
ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से मैदान में मचाई हलचल
मैच की शुरुआत से ही वैभव ने आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने 50 रन बनाने के लिए महज छह छक्के और चार चौकों का सहारा लिया। वॉशिंगटन सुंदर के पांचवें ओवर में दो छक्के और दो चौके जड़कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इससे पहले ईशांत शर्मा के ओवर में भी उन्होंने दो चौके और एक छक्का ठोंका था।
रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड कायम
वैभव की 17 गेंदों में पूरी की गई फिफ्टी आईपीएल 2025 की सबसे तेज अर्धशतक बन गई है। इससे पहले निकोलस पूरन ने इसी सीजन 18 गेंदों में फिफ्टी बनाई थी। राजस्थान रॉयल्स के लिए भी वह सबसे तेज फिफ्टी बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यशस्वी जायसवाल ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 13 गेंदों में फिफ्टी जड़ी थी। साथ ही वैभव ने रियान पराग का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। पराग ने 17 साल 175 दिन की उम्र में आईपीएल में अर्धशतक बनाया था, जबकि वैभव ने महज 14 साल 32 दिन में यह कारनामा कर दिखाया।

