रांची: राजधानी रांची में सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर दुकान लगाने वाले फुटपाथी दुकानदारों को अब व्यवस्थित करने की दिशा में रांची नगर निगम ने एक बड़ा कदम उठाया है। निगम शहर में तीन नए वेंडर मार्केट विकसित करने जा रहा है। इसके लिए डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार की जा रही है। नए वेंडर मार्केट चुटिया थाना क्षेत्र, लोयला मैदान और दिव्यायन के पास बनाए जाएंगे। इन स्थानों पर वेंडरों को व्यवस्थित रूप से बसाया जाएगा। जिससे कि दुकानें व्यवस्थित तरीके से लगेगी। वहीं इनकी वजह से जाम की समस्या नहीं होगी।
सर्वे के बाद निगम के पास है जानकारी
नगर निगम का उद्देश्य है कि शहर के सौंदर्यीकरण और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए। सड़कों पर अव्यवस्थित रूप से दुकान लगाने से यातायात बाधित होता है और आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए निगम ने पहले ही एक व्यापक सर्वे कराया था, जिसमें यह पता लगाया गया कि किन-किन इलाकों में कितने वेंडर मौजूद हैं। अब उन्हें मार्केट बनाकर उस स्थान पर स्थानांतरित करने की योजना है।
वेंडरों को मिला स्थाई ठिकाना
नगर निगम की इस योजना के तहत इससे पहले नागा बाबा खटाल और कोकर के डिस्टिलरी मार्केट में पहले ही सैंकड़ों दुकानदारों को व्यवस्थित रूप से जगह दी जा चुकी है। इन क्षेत्रों में बनाए गए वेंडर मार्केट्स में दुकानदारों को बिजली, पानी और छत जैसी बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं। अब वहां पर टॉयलेट की भी सुविधा दी जाएगी। इससे न केवल वेंडरों को स्थायी ठिकाना मिला है। बल्कि सफाई और स्वच्छता का भी ध्यान रखा जाएगा।
जल्द चालू होगा मोरहाबादी वेंडर मार्केट
अब निगम की अगली योजना मोरहाबादी वेंडर मार्केट को चालू कर वेंडरों को वहां शिफ्ट करने की है। मोरहाबादी मैदान के आसपास बड़ी संख्या में फुटपाथी दुकानदार सड़कों पर बैठते हैं, जिससे क्षेत्र में जाम लगता है और सफाई की समस्याएं उत्पन्न होती हैं। नए वेंडर मार्केट से न केवल इन दुकानदारों को स्थान मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों को भी राहत मिलेगी।
शहर में बढ़ रही वेंडरों की संख्या
बता दें कि पिछले दिनों रांची नगर निगम के अधिकारियों ने प्रस्तावित वेंडर मार्केट के स्थलों का निरीक्षण किया था। जिसमें बताया गया था कि शहर में वेंडरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यदि इन्हें व्यवस्थित नहीं किया गया तो आने वाले समय में शहर की यातायात और सौंदर्यीकरण व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा सकती है। इसीलिए निगम पूरी गंभीरता से इस योजना पर कार्य कर रहे हैं। नए वेंडर मार्केट का डीपीआर तैयार होने के बाद राज्य सरकार से अनुमोदन लिया जाएगा और उसके बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। निगम यह भी सुनिश्चित करेगा कि नए मार्केट में दुकानदारों को उचित किराया पर दुकानें मिलें और वे नियमों का पालन करें।

