Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने टोकलो थाना क्षेत्र के चितपील में हुई महिला सीमा महतो की हत्या का खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका के पति ने ही शक के चलते अपने दोस्त के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। टोकलो पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय रतन मुंडा, और 19 वर्षीय मधुसूदन मुंडा के रूप में हुई है। दोनों खूंटी जिले के अड़की थाना अंतर्गत गीतिलबेड़ा, टोला कडरूडीह गांव के निवासी हैं। रतन मुंडा मृतका सीमा महतो का पति है।
शक बना हत्या की वजह
टोकलो थाना प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि पूछताछ में रतन मुंडा ने कबूल किया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी सीमा किसी और से प्रेम करती है। इसी शक के चलते उसने अपने दोस्त मधुसूदन मुंडा के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। इसके बाद सीमा महतो पिछले गुरुवार दोपहर अपने मायके से यह कहकर निकली थी कि वह झरझरा हाट जा रही है। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। शुक्रवार दोपहर ग्रामीणों ने रायको नदी के पास उसका शव देखा। शव पर धारदार हथियार के निशान थे।
दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने लगातार छापेमारी की और तकनीकी साक्ष्य व गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे अन्य कारणों और कांड में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। साक्ष्य मिलने पर आगे कार्रवाई होगी। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में सनसनी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।

