Home » Tata-Steel-Job-Fraud : टाटा स्टील में नौकरी दिलाने के नाम पर सैकड़ों लोगों से लाखों की ठगी, आरोपी फरार

Tata-Steel-Job-Fraud : टाटा स्टील में नौकरी दिलाने के नाम पर सैकड़ों लोगों से लाखों की ठगी, आरोपी फरार

by Anand Mishra
Tata Steel Job Fraud News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Chaibasa (Jharkhand) : टाटा स्टील में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर सैकड़ों युवाओं से लाखों रुपये की ठगी का गंभीर मामला मंगलवार को सामने आया है। आरोपी युवक ने खुद को टाटा स्टील (TATA Steel) का अधिकृत वेंडर (Authorized Vendor) बताकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के नाम पर पैसे वसूले और बाद में फरार हो गया। इसे लेकर पीड़ितों में आक्रोश है। उन्होंने जिले के एसपी से इसकी शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है।

आरोपी ने खुद को बताया था टाटा स्टील का आरबीसीबीडी वेंडर

जानकारी के अनुसार, सूर्य प्रताप सिंह नामक युवक ने खुद को टाटा स्टील का आरबीसीबीडी वेंडर (RBCBD Vendor) बताते हुए लोगों से संपर्क किया और नौकरी के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने की बात कही। उसने प्रति व्यक्ति 1075 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क तय किया और भुगतान के लिए ज्योति कुमार के नाम से जारी एक क्यूआर कोड उपलब्ध कराया। इसी क्यूआर कोड के माध्यम से कुल 674 लोगों से पैसे ट्रांसफर कराए गए। इस तरह करीब 7 लाख 24 हजार रुपये की राशि ठगी का शिकार हो गई।

मझगांव के खड़पोस निवासी ने की एसपी से शिकायत

मामले की शिकायत मझगांव थाना क्षेत्र के खड़पोस गांव निवासी नरेश दास ने पुलिस अधीक्षक अमित रेनू से की है। नरेश दास के अनुसार, उन्होंने स्वयं लगभग 250 लोगों का रजिस्ट्रेशन कराया था। उनके अलावा भवानी शंकर पान, लाल सिंह सिंकु, महेश दास, राजू सोरेन, दोमन मुर्मू और भगवान तापे ने भी कई लोगों का रजिस्ट्रेशन कराया, जो बाद में ठगी का शिकार हुए।

पीड़ितों को 4 दिसंबर को टाटा स्टील परिसर बुलाया गया था, जिससे उन्हें नौकरी मिलने का भरोसा और पुख्ता हो गया। लेकिन उसी दिन सूर्य प्रताप सिंह का मोबाइल फोन बंद हो गया और वह अचानक गायब हो गया। इसके बाद लोगों को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।

जांच जारी, नौकरी के नाम पर किसी को भी पैसे न दें : एसपी

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी को भी पैसे न दें और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते ऐसे ठगों पर कार्रवाई की जा सके।

Related Articles