चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा स्थित सदर थाना क्षेत्र के टुंगरी मोहल्ले में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। धूप से बचने के लिए सड़क किनारे खड़ी कार में घुसे दो बच्चों में से एक की दम घुटने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई है।
स्कूल जाते समय घुसे थे कार में
जानकारी के अनुसार, एसपीजी मिशन कंपाउंड निवासी आलोक गोप और उसकी 5 वर्षीय बहन इशानी गोप बुधवार को टुंगरी स्थित स्कूल पढ़ने के लिए घर से निकले थे। तेज धूप होने के कारण दोनों बच्चे टुंगरी मोहल्ले में ग्रीन फ्लैट के सामने सड़क किनारे खड़ी एक कार में जाकर बैठ गए। बताया जाता है कि बाहर से गाड़ी का दरवाजा खोलकर बच्चे अंदर घुस गए थे, लेकिन अंदर से दरवाजा खोलने में उन्हें दिक्कत हुई।
ऑक्सीजन की कमी से बेहोश हुई बच्ची
कार के अंदर गर्मी और ऑक्सीजन की कमी होने लगी। इस दौरान आलोक किसी तरह से कार से बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन 5 साल की इशानी कार के अंदर ही बेहोश होकर फंस गई। शाम को घर पहुंचने पर आलोक ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
अस्पताल में मृत घोषित
परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्ची को कार से निकालकर सदर अस्पताल ले गए। तब तक बच्ची की हालत काफी बिगड़ चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद इशानी को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने मौत का कारण दम घुटना बताया है।
शहर में शोक की लहर
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस कार मालिक का पता लगा रही है। इस दर्दनाक हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से वाहनों को सड़क पर लॉक कर खड़ा करने की अपील की है ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Read Also- Jamshedpur News: महिला से पर्स छीनकर भाग रहा युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा, जमकर हुई पिटाई

