पश्चिम सिंहभूम (चाईबासा) : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलें मुख्य सड़क मार्ग पर आमने-सामने टकरा गईं, जिससे तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज रफ्तार व अंधेरे के कारण हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों मोटरसाइकिलें अत्यधिक तेज गति में थीं और अंधेरे के कारण नियंत्रण खो बैठीं, जिससे सीधी टक्कर हो गई। हादसे में घायल युवकों की पहचान नोवामुण्डी निवासी अल्ताफ हुसैन, महफूज आलम और बड़ाजामदा निवासी सुखराम सोरेन के रूप में हुई है। इनमें अल्ताफ हुसैन की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर किया गया।
नोवामुण्डी अस्पताल पहुंचाए गये घायल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को टाटा स्टील (Tata Steel) के नोवामुण्डी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन इलाज में हुई देरी और सुविधाओं की कमी को लेकर लोगों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही और भेदभाव का आरोप लगाया।
अस्पताल में विरोध प्रदर्शन
गंभीर रूप से घायल युवक को टीएमएच रेफर किए जाने के बाद स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रशासन से तत्काल तकनीशियन भेजने की मांग की, जिससे इलाज में तेजी लाई जा सके। हालांकि, प्रशासन ने मांग को नकार दिया, जिसके बाद अस्पताल परिसर में देर रात तक लोगों का विरोध प्रदर्शन जारी रहा।
पुलिस मौके पर, जांच शुरू
बड़ाजामदा पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है, जिसमें वाहन की गति, दृश्यता और सड़क की स्थिति को ध्यान में रखा जा रहा है।

