Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराईकेला थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती जंगली इलाके में बुधवार की शाम को बच्चा चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने चार युवकों को पकड़ लिया था। उन्हें पुलिस ने बचा लिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए थे थाना प्रभारी प्यारे हसन
कराईकेला थाना क्षेत्र से लगभग 6 किलोमीटर दूर बुरुडीह गांव में हुई घटना की सूचना मिलते ही कराईकेला थाना प्रभारी प्यारे हसन ने त्वरित कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार गुदड़ी थाना के ग्राम बंदोकुमा निवासी बुधवा हासा पूर्ति, किशनु हासा पूर्ति, सानू हासा पूर्ति और एतवा हासा पूर्ति चिड़िया पकड़ने के लिए वहां गए थे।
संदिग्ध अवस्था में घूमते देख ग्रामीणों को उन पर बच्चा चोर होने का शक हुआ और उन्होंने चारों को घेर कर पकड़ लिया। घने जंगल और मॉब लिंचिंग जैसी संवेदनशील स्थिति की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्यारे हसन दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और चारों युवकों को हिरासत में ले लिया।
थाने में कड़ाई से पूछताछ और तलाशी लेने पर उनके पास से पक्षी पकड़ने के उपकरण एवं पकड़े हुए चार पक्षी भी बरामद किया। पुलिस ने तत्काल सोनुवा थाना से संपर्क कर युवकों के पते और पेशे की पुष्टि की। चारों युवक निर्दोष पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिदायत देकर सुरक्षित छोड़ दिया।
READ ALSO: RANCHI TRAFFIC NEWS: ईद और सरहुल को लेकर बदला रहेगा शहर में रूट, देखें कौन सा रास्ता रहेगा बंद

