Home » पश्चिमी विक्षोभ ने बनाए बादल, आंशिक वर्षा से रांची सहित पूरे झारखंड में गिरा तापमान

पश्चिमी विक्षोभ ने बनाए बादल, आंशिक वर्षा से रांची सहित पूरे झारखंड में गिरा तापमान

by Rakesh Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : पूरे राज्य में पिछले दो दिनों के बीच हुई छिटपुट वर्षा ने मौसम के रुख को बदल दिया है। तापमान में गिरावट के साथ ही ठंड का असर भी बढ़ने लगा है। लोगों के गर्म कपड़े निकलने लगे हैं। खासकर राजधानी रांची में तो शाम ढलते ही ठंड का असर बढ़ने लगता है।

 

घरों में फैन व एसी जैसे उपकरणों को बंद कर दिया गया है। वहीं दूसरी ओर राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार की देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का एहसास होते ही लोग अपने अपने घरों से बाहर निकल गए। इंटरनेट मीडिया पर लोग एक दूसरे यह पूछते भी नजर आए कि किसने भूकंप के झटके महसूस किए। पिछले सप्ताह भी झारखंड की उप राजधानी दुमका समेत कई हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।

 

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो अधिकांश हिस्सों में वर्षा होने की रिपोर्ट है। जिससे मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा के रुख में आए बदलाव के कारण पूरे राज्य में छिटपुट वर्षा हुई है।

 

वर्षा के कारण तापमान में कमी आई है और ठंड बढ़ी है। बादल छंटने के बाद आगामी दिनों न्यूनतम तापमान में चार से पांच डिग्री तक की कमी आ सकती है।

 

कोल्हान और संताल परगना के कुछ हिस्सों में वर्षा

 

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार शनिवार को राज्य के कोल्हान और संताल परगना के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है।

अन्य जिलों में कहीं-कहीं बादल बन सकते हैं। रांची में भी बादल छाए रहने की संभावना है यद्यपि वर्षा होने के आसार राजधानी में कम हैं।

 

वहीं रविवार से मौसम साफ हो जाएगा, इसके बाद ठंड बढ़ने की संभावना है। मौसम में हो रहे बदलाव से रांची का अधिकतम तापमान 24 घंटे के दौरान करीब चार डिग्री तक गिरा है।

रांची का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री रहा। एक दिन पहले यह 31.4 डिग्री गया था।

Related Articles