RANCHI: रांची के रातू थाना क्षेत्र में जंगली हाथी का आतंक लगातार जारी है। मंगलवार को हाथी के कुचलने से एक और व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुड़मा उरांव के रूप में हुई है, जो चितरकोटा गांव का रहने बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार हाथी ने अचानक हमला कर उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सोमवार को भी इसी इलाके में हाथी के हमले से एक अन्य व्यक्ति की जान गई थी। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग शाम होते ही घरों में दुबकने को मजबूर हैं। बता दें कि 27 फरवरी को एक जंगली हाथी हटिया क्षेत्र में घूमता देखा गया था। यही हाथी अब रातू के जंगल और आसपास के गांवों में सक्रिय है। सोमवार को सुबह के समय ग्रामीणों ने जंगल किनारे हाथी को देखा, जिसके बाद इसकी सूचना वन विभाग को दी गई थी। वन विभाग की टीम इलाके में कैंप कर रही है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

