RANCHI: राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। अपराधी बेखौफ होकर दिनदहाड़े घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। रविवार को भी रांची के मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत खलारी बाजार टांड़ में करीब 5.30 बजे नकाबपोश अपराधियों ने दिनदहाड़े एक इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार को ताबड़तोड़ चार गोलियां मारी। इस घटना में विजय केसरी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद अपराधी हवाई फायरिंग करते हुए पैदल ही फरार हो गए। घटना के बाद साप्ताहिक बाजार में दहशत फैल गई। पूरे इलाका अफरा-तफरी के माहौल में तब्दील हो गया। घटना में गंभीर रूप से घायल विजय केशरी को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल डकरा अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा भी बरामद किया है।
तीन से चार की संख्या में पहुंचे थे अपराधी
जानकारी के अनुसार, रविवार को साप्ताहिक हाट के कारण खलारी बाजार में काफी भीड़ थी। इसी दौरान तीन से चार की संख्या में नकाबपोश अपराधी अचानक बाजार पहुंचे और सीधे एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर घुस गए। अपराधियों ने दुकान संचालक विजय केशरी को निशाना बनाते हुए नजदीक से उनके माथे और सीने में गोलियां दाग दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद कई राउंड हवाई फायरिंग की। इसके बाद सभी अपराधी पैदल ही बाजार से फरार हो गए।
रिम्स रेफर, हालत गंभीर
घायल दुकानदार के परिजनों ने बताया कि विजय केशरी की किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में घटना के पीछे रंगदारी या आपराधिक मंशा की आशंका जताई जा रही है। परिजनों का कहना है कि हाल के दिनों में इलाके में व्यापारियों से अवैध वसूली की शिकायतें सामने आती रही हैं। कार्रवाई नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।
खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज
घटना की सूचना मिलते ही मैक्लुस्कीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की है। साथ ही अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित क्षेत्रों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से अपराध की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई इस गोलीकांड की घटना ने साफ कर दिया है कि क्षेत्र की कानून व्यवस्था चरमरा गई है। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही बाजार क्षेत्र में स्थायी पुलिस पिकेट स्थापित करने और नियमित गश्ती बढ़ाने की भी मांग उठी है।

