नई दिल्ली: भारतीय रेलवे के टिकट कैंसिलेशन शुल्क पर एक अहम सवाल हाल ही में संसद में उठाया गया। समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने यह सवाल उठाया कि क्या सरकार वेटिंग लिस्ट वाले टिकटों पर लगने वाले कैंसिलेशन शुल्क को माफ करने पर विचार कर रही है, खासकर तब जब रेलवे खुद इन टिकटों को रद्द कर दे।
इकरा हसन ने कहा कि आईआरसीटीसी (Indian Railway Catering and Tourism Corporation) की वेबसाइट वेटिंग लिस्ट के टिकटों पर भी कैंसिलेशन शुल्क लगाती है, चाहे वे टिकट रेलवे द्वारा सीटों की कमी के कारण रद्द किए गए हों। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार इस शुल्क को माफ करने की योजना बना रही है।
इसके जवाब में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में एक लिखित बयान दिया। उन्होंने कहा कि मंत्रालय द्वारा वेटिंग लिस्ट वाले सभी टिकटों पर कैंसिलेशन शुल्क (क्लर्केज शुल्क) लिया जाता है। मंत्री ने बताया कि यह शुल्क रेलवे के रखरखाव और परिचालन खर्चों को कवर करने के लिए लिया जाता है और यह नियम रेलवे यात्री (टिकट रद्द करना और किराया वापसी) नियम 2015 के तहत लागू है।
कैंसिलेशन शुल्क का उद्देश्य
रेल मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि रेलवे द्वारा टिकट कैंसिल करने से प्राप्त होने वाला राजस्व रेलवे के खर्चों को पूरा करने में मदद करता है। उन्होंने बताया कि कैंसिलेशन से उत्पन्न होने वाले राजस्व का उपयोग रेलवे के संचालन और रखरखाव के खर्चों को कवर करने के लिए किया जाता है। इसके अलावा, इस राजस्व का इस्तेमाल रेलवे की परिसंपत्तियों के रिन्यल या रिप्लेसमेंट, ग्राहक सुविधाओं और अन्य गैर-लाभकारी विकास कार्यों के लिए भी किया जाता है।
रेल मंत्री ने कहा, “कैंसिलेशन शुल्क सहित सभी स्रोतों से प्राप्त राजस्व रेलवे की कुल प्राप्तियों का हिस्सा है, जिसे रेलवे के विभिन्न कार्यों के लिए उपयोग किया जाता है।”
वेटिंग लिस्ट टिकट और अपग्रेडेशन विकल्प
अश्विनी वैष्णव ने यह भी बताया कि एडवांस रिजर्वेशन पीरियड के दौरान, अगर कंफर्म या आरएसी (रेलवेज एसी क्लास) टिकट रद्द होते हैं, तो रेलवे वेटिंग लिस्ट टिकट जारी करता है ताकि खाली बर्थ का सही तरीके से प्रबंधन किया जा सके। इसके अलावा, यात्रियों को वेटिंग लिस्ट वाले टिकटों पर अपग्रेड होने या वैकल्पिक ट्रेन में स्थानांतरित होने का भी विकल्प दिया जाता है।
IRCTC की रिफंड पॉलिसी
भारतीय रेलवे की रिफंड पॉलिसी के तहत, चाहे टिकट वेटिंग लिस्ट पर हो या कंफर्म, सभी टिकटों को रद्द करने पर कैंसिलेशन शुल्क लिया जाता है। रिफंड की राशि इस बात पर निर्भर करती है कि टिकट की श्रेणी क्या है, जैसे एसी फर्स्ट क्लास, एसी चेयर कार, या सेकंड क्लास।
48 घंटे पहले रद्दीकरण: अगर आप ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान से 48 घंटे से अधिक पहले टिकट रद्द करते हैं, तो आपको एसी फर्स्ट क्लास/एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए 240 रुपये, एसी 2-टियर/फर्स्ट क्लास के लिए 200 रुपये, एसी 3-टियर/एसी चेयर कार/एसी-3 इकॉनमी के लिए 180 रुपये और सेकंड क्लास के लिए 60 रुपये कैंसिलेशन शुल्क देना होगा।
48 घंटे से 12 घंटे पहले रद्दीकरण: यदि आप ट्रेन के प्रस्थान से 48 घंटे के भीतर लेकिन 12 घंटे से अधिक पहले टिकट रद्द करते हैं, तो शुल्क कुल किराए का 25 प्रतिशत होगा।
12 घंटे से 4 घंटे पहले रद्दीकरण: यदि आप ट्रेन के प्रस्थान से 12 घंटे से कम लेकिन 4 घंटे पहले टिकट रद्द करते हैं, तो शुल्क कुल किराए का 50 प्रतिशत हो जाता है।
आरएसी और वेटिंग टिकट रद्दीकरण: आरएसी या प्रतीक्षा सूची वाले टिकटों के लिए रद्दीकरण प्रस्थान से कम से कम 30 मिनट पहले किया जा सकता है, और इसे रद्द करने पर भी कैंसिलेशन शुल्क लगता है।
Read Also- रांची में जमीन कारोबारी को मारी गोली, मौत

