RANCHI: रांची में दूसरे आल इंडिया जजेज बैडमिंटन टूर्नामेंट का आगाज शनिवार को खेलगांव स्थित ठाकुर विश्वनाथ शहदेव इंडोर स्टेडियम में हुआ। मुख्य न्यायाधीश झारखण्ड उच्च न्यायालय न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान, न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय, न्यायमूर्ति अनुभा रावत चौधरी और भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान निक्की प्रधान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। इससे न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आपसी सहयोग भी विकसित होता है। ऐसे आयोजन न्यायपालिका से जुड़े पदाधिकारियों को अपने व्यस्त दायित्वों के बीच संतुलित और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देते हैं।
9 उच्च न्यायालय के न्यायाधीश ले रहे भाग
यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन प्रतियोगिता 3 से 4 जनवरी 2026 तक आयोजित की जा रही है। जिसमें देश के 9 विभिन्न उच्च न्यायालयों के 31 माननीय न्यायाधीश भाग ले रहे हैं। इनमें झारखण्ड, इलाहाबाद, मद्रास, तेलंगाना, बॉम्बे, ओडिशा, राजस्थान, केरल और कर्नाटक उच्च न्यायालय शामिल हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य न्यायपालिका के सदस्यों के बीच खेल भावना, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देना है। उद्घाटन समारोह में जिला प्रशासन रांची की सराहना करते हुए न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय ने उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री को प्रतियोगिता के सफल आयोजन में उत्कृष्ट प्रशासनिक व्यवस्था और समन्वय के लिए सम्मानित किया।
चार श्रेणियों में मुकाबला
टूर्नामेंट के दौरान मेन सिंगल्स, मेन डबल्स, वूमेन सिंगल्स और मिक्स्ड डबल्स कुल चार श्रेणियों में मुकाबले खेले जा रहे हैं। आयोजन स्थल पर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बैडमिंटन कोर्ट, खिलाड़ियों के लिए विश्राम स्थल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

