RANCHI: सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 की शुरुआत रांची जिले में की गई। इस अवसर पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने समाहरणालय परिसर से सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक पूरे जिले में चलाया जाएगा। आंकड़ों के अनुसार 2024 में जिले में 746 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 550 लोगों की मौत और 465 लोग घायल हुए। वहीं वर्ष 2025 में नवंबर तक 747 एक्सीडेंट दर्ज की गईं, जिनमें 504 लोगों की मौत और 486 लोग घायल हुए।
रथ ऐसे करेगा जागरूक
उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं आज जीवन और संपत्ति की क्षति का एक बड़ा कारण बन चुकी हैं। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का थीम “सीख से सुरक्षा” रखा गया है। जिसके तहत नागरिकों को यातायात नियमों की शिक्षा देकर दुर्घटनाओं में कमी लाने का प्रयास किया जाएगा। जागरूकता रथ जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों, स्कूलों, कॉलेजों और बाजारों में भ्रमण कर लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवर स्पीडिंग से बचाव और नशे में वाहन न चलाने जैसे संदेश देगा।
सड़क सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक रांची राकेश सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले में जागरूकता रथ, सड़क सुरक्षा चौपाल, स्कूल-कॉलेजों में “सावधानी की पाठशाला”, हेल्थ चेकअप कैंप, वाहन चालकों का प्रशिक्षण, प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक, खेलकूद प्रतियोगिता और नियम पालन करने वालों के सम्मान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

