Home » Gold Price Update: सोने में गिरावट जारी, अब तक ₹5000 कम हो चुका है सोना

Gold Price Update: सोने में गिरावट जारी, अब तक ₹5000 कम हो चुका है सोना

by Rakesh Pandey
Gold rate
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली : Gold Price Update: आम बजट में सोने और चांदी पर कस्टम ड्यूटी घटाने के एलान के बाद से ही दोनों धातुओं की कीमतों में जोरदार गिरावट देखी जा रही है। 25 जुलाई को भी सर्राफा बाजार में सोने के दामों में 1000 रुपये की गिरावट देखने को मिली और ये घटकर 70,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। चांदी की कीमतों में भी जोरदार गिरावट दर्ज की गई है और 3500 रुपये प्रति किलो की गिरावट के साथ चांदी 84,000 रुपये प्रति किलो पर आ गया है।

वहीं 23 जुलाई 2024 को बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोने पर कस्टम ड्यूटी घटाने का एलान किया था। इसके बाद तीन दिनों में सोने के दामों में 5000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक की गिरावट आ चुकी है। वहीं 22 जुलाई को सोना सर्राफा बाजार में 75,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। तीन दिनों में सोने के दामों में 6.60 फीसद की कमी आई है। वहीं अगर बात करें चांदी के दामों की तो चांदी के दाम 91,000 रुपये प्रति किलो से घटकर 84000 रुपये प्रति किलो पर आ चुका है। यानी तीन दिनों में चांदी के दामों में 7000 रुपये किलो या 7.70 फीसद तक की गिरावट आ चुकी है।

Gold Price Update: विदेशी बाजार में भी गिरावट

कस्टम ड्यूटी के घटने के बाद सोने और चांदी के दाम वैसे ही घटने लगे थे, लेकिन अब विदेशी बाजारों में भी सोने के दामों में गिरावट आई है, जिससे आभूषण कारोबारियों को डबल झटका लगा है। वहीं इंटरनेशनल मार्केट कॉमेक्स पर सोना 42.20 डॉलर प्रति औंस की गिरावट के साथ 2,421.80 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा है। चांदी भी 28.04 डॉलर प्रति औंस पर क्लोज हुआ है। सर्राफा बाजार में सोने चांदी के दामों में गिरावट पर एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट कमोडिटी सौमित्र गांधी ने कहा, यूरोपीय बाजारों में गिरावट के चलते गुरुवार को सोने के दाम घटे हैं। इसके अलावा अमेरिकी इकोमॉनिक डेटा के जारी होने से पहले टेक्निकल सेलिंग ने सोने की कीमतों को नीचे ला दिया है।

Gold Price Update:    68 हजार रुपये से नीचे आ गया सोना

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर गोल्ड की कीमत में भी गिरावट देखने को मिल रही है। बजट से पहले सोना 72 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के पार चल रहा था, जो अभी 68 हजार रुपये से नीचे आ चुका है। यानी बजट से अब तक सोना 5 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा सस्ता हो गया है। आंकड़ों के अनुसार आज सुबह मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर गोल्ड के दाम 1,159 रुपए से ज्यादा की गिरावट देखने को मिल रही है। आंकड़ों के अनुसार दोपहर 12 बजकर 43 मिनट पर गोल्ड की कीमत 67,793 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रही थी।

ऐसे में बजट से अब तक सोने की कीमतों ने 5100 रुपये की गिरावट आ चुकी है। वहीं इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन का कहना है कि बजट में कस्टम ड्यूटी में हुई कटौती से सोने की कीमतों पर 6 हजार रुपये तक का असर पड़ सकता है। यानी अभी सोना 2 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम और सस्ता हो सकता है।

Gold Price Update:  तस्करी घटने की संभावना

सीबीआईसी के चेयरमैन संजय कुमार मल्होत्रा ने कहा कि सोने पर लगे अत्यधिक आयात शुल्क में कटौती की बजट घोषणा से सोने की तस्करी रोकने और रत्नों-आभूषणों का निर्यात बढ़ाने में मदद मिलेगी। संसद में पेश बजट 2024-25 में कीमती धातु पर आयात शुल्क को 15 प्रतिशत से घटाकर छह प्रतिशत करने की घोषणा की गई। वहीं पिछले वित्त वर्ष में सीबीआईसी और राजस्व आसूचना निदेशालय ने लगभग 4.8 टन सोना जब्त किया था। इसके पहले वित्त वर्ष 2022-23 में 3.5 टन से अधिक सोने को जब्त किया गया था।

वहीं सीबीआईसी प्रमुख ने कहा कि जुलाई 2022 में सोने के आयात पर शुल्क बढ़ाने का फैसला इसलिए किया गया था कि भू-राजनीतिक स्थिति के कारण चालू खाते का घाटा बढ़ता जा रहा था। ऐसे समय में गैर-जरूरी आयात में कटौती के लिए शुल्क बढ़ाया गया था।

Gold Price Update: अंतरराष्ट्रीय कीमतों में था बड़ा अंतर

15 प्रतिशत शुल्क होने से सोने की घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कीमतों के बीच बहुत बड़ा अंतर हो गया था। वहीं उन्होंने कहा कि इन सभी कारकों को सोने और कीमती धातुओं पर शुल्क में कमी के बजट प्रस्ताव में ध्यान में रखा गया है, जहां शुल्क सोने की दर के अनुरूप चलता है।

साथ ही बता दें कि पिछले वित्त वर्ष में भारत ने 45.54 अरब डॉलर का सोना और 5.44 अरब डॉलर मूल्य की चांदी का आयात किया था। इस दौरान देश से 13.23 अरब डॉलर के आभूषणों का निर्यात किया गया। भारत सोने की अपनी अधिकांश मांग आयात से पूरी करता है, लेकिन इसका रुपये और चालू खाता घाटे पर दबाव पड़ता है। स्विट्जरलैंड सोने के आयात का सबसे बड़ा स्रोत है, जिसकी हिस्सेदारी लगभग 40 प्रतिशत है। उसके बाद संयुक्त अरब अमीरात 16 प्रतिशत से अधिक और दक्षिण अफ्रीका का लगभग 10 प्रतिशत स्थान है।

Related Articles