नई दिल्ली : ‘Notice to Netflix : आईसी-814 द कंधार हाईजैक’ वेबसीरीज विवाद में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स इंडिया की कंटेंट हेड को समन जारी किया है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि प्लेटफॉर्म के इंडिया कंटेंट हेड मोनिका शेरगिल को आज यानी मंगलवार को पेश होने के लिए कहा गया है। वहीं अनुभव सिन्हा की वेब सीरीज ‘आईसी-814 द कंधार हाईजैक’ में हाईजैकरों के नाम भोला और शंकर रखे जाने को लेकर काफी विवाद हो रहा है।

बता दें कि यह वेबसीरीज 29 अगस्त को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। इसकी रिलीज़ के बाद से ही सोशल मीडिया पर इसको लेकर बवाल मचा हुआ है। आरोप है कि मेकर्स ने इसमें जान-बूझकर आतंकियों के नाम भोला और शंकर रखे हैं। ये सीरीज 1999 में हुए कंधार प्लेन हाईजैक पर बनाई गई है।
Notice to Netflix : क्या है विवाद
बता दें कि 1999 में नेपाल से उड़ान भरने वाले भारतीय प्लेन को पांच आतंकियों ने हाईजैक कर लिया था। वहीं हाईजैकिंग के दौरान सभी आपस में कोड नेम के ज़रिए एक दूसरे से बात किया करते थे। इस हाईजैकिंग पर पहली किताब लिखने वाले नीलेश मिश्रा ने भी कहा है कि हाईजैकर्स ने हाईजैकिंग के दौरान अपने असली नामों का इस्तेमाल नहीं किया था। इसके साथ ही उन्होंने अपने नाम भोला, शंकर, बर्गर, डॉक्टर और चीफ रखे थे। पैसेंजर्स भी हाईजैकिंग के दौरान उन्हें इसी नाम से बुलाया करते थे।
हालांकि हाईजैकरों के असली नाम कुछ और ही थे। वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन हाईजैकरों के नाम इब्राहिम अतहर, सनी अहमद काज़ी, जहूर इब्राहिम, शाहिद अख्तर और सैयद शाकिर थे। आरोप है कि सीरीज़ में इन हाईजकरों के असली नाम का ज़िक्र नहीं किया गया है। लोग अनुभव सिन्हा और नेटफ्लिक्स पर अपना गुस्सा निकाल रहे हैं।
इसके साथ ही बता दें कि ‘द कंधार हाईजैक’ वेब सीरीज में विजय वर्मा, नसीरुद्दीन शाह, पंकज कपूर, दीया मिर्जा, पत्रलेखा, पूजा गौर और कुमुद मिश्रा जैसे कई सितारे नजर आए हैं। इस सीरीज के ज़रिए ही अनुभव सिन्हा ने ओटीटी की दुनिया में कदम रखा है, पर उनकी डेब्यू सीरीज पर ही बवाल हो गया है।
Notice to Netflix : कंधार हाईजैक की घटना का जिक्र
यहां बता दें कि 24 दिसंबर 1999 को इंडियम एयरलाइंस की फ्लाइट 814 को हाईजैक कर लिया गया था। फ्लाइट में 191 लोग सवार थे। यह विमान नेपाल के काठमांडू से उड़ा था और इसे दिल्ली आना था, पर उड़ान के कुछ देर बाद ही पांच हाईजैकरों ने प्लेन को कब्जे में ले लिया। पहले प्लेन अमृतसर में उतारा गया। इसके बाद लाहौर, फिर दुबई और फिर अफगानिस्तान के कंधार में इसकी लैडिंग हुई थी। इसी घटना की पूरी कहानी वेबसीरीज में दिखाई गई है।

