Home » सोन चिरइया

सोन चिरइया

by Priya Shandilya
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

एक सोन चिरइया बन कर वो
हर पल इतराया करती थी
कभी इस डाली से उस डाली
हर घर आंगन वो रहती थी

कैसी देहरी कैसा चौखट
बेफिक्र था उसका अल्हड़पन
वो नन्ही सी निश्छल मन की
थी अबोध बड़ी उसकी चितवन

जब भी दिखती मन हर लेती
उसे मैं बाहों में भर लेती
एक दिठौना माथे पर
चुपके से उसके कर देती

वो सोन चिरइया कहां गई
बरबस एक हूक सी उठती है
अब हर मुंडेर और आंगन में
बड़ी गहरी उदासी दिखती है

अखबार के उजले पन्नों पर
एक स्याह कहानी चस्पा है
शैतान के आदम पंजों ने
उसके पंखों को नोचा है

हाय ये कैसी दुनिया है
जहां बचपन भी महफूज नहीं
और कौन बतायेगा सबको
कि कौन गलत है , कौन सही

इससे तो अच्छा वो युग था
भगवान अलग शैतान अलग
कैसे अब कोई जानेगा
मुखड़े के भीतर कौन है अब।

डाॅ. क्षमा त्रिपाठी

Related Articles