सेंट्रल डेस्कः तमिलनाडु में अन्ना यूनिवर्सिटी की एक छात्रा के साथ कथित तौर पर रेप का मामला सामने आया है। जिसके बाद बीजेपी के नेता अलग तरह का विरोध जता रहे है। उनका विरोध सरकार या प्रशासन से नहीं बल्कि खुद को चोट पहुंचा कर हो रहा है। बीजेपी नेता कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में खुद को कोड़े मार रहे है।
बीजेपी नेता ने खाली बदन पर बरसाए कोड़े
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई ने खुद को कोड़े मारा है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी छाया हुआ है। 27 दिसंबर, शुक्रवार की सुबह वे अपने घर के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ खड़े दिख रहे है और कम से कम 6 बार उन्होंने अपने खाली बदन पर कोड़े बरसाए। इसके बाद की वे खुद पर और कोड़े बरसाते, वहां मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोक लिया।
प्रेस कांफ्रेंस में की थी घोषणा
इस कोड़ा मारने की घटना से एक दिन पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अन्नामलाई ने इस तरह के विरोध प्रदर्शन की घोषणा कर दी थी। प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा था कि वे 27 दिसंबर को सुबह 10 बजे अपने घर के बाहर खुद को 6 बार कोड़े मारेंगे ताकि लोगों का ध्यान अन्ना यूनिवर्सिटी की छात्रा के साथ हुई रेप की घटना की तरफ जाए।
आरोपी का संबंध, सत्तारूढ़ सरकार से
26 दिसंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में अन्नामलाई ने कहा था कि जब तक डीएमके की सरकार हट नहीं जाती, तब तक वे बगैर जूते-चप्पल के रहेंगे और नंगे पैर चलेंगे। उन्होंने राज्य सरकार पर रेप के आरोपी का बचाव करने का आरोप लगाया है। अन्नामलाई ने कहा कि चूंकि आरोपी का संबंध डीएमके से है, इसलिए पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है।
अन्नामलाई ने आरोपी की तस्वीरें भी साझा की है, जिसमें वो डीएमके नेताओं के साथ दिख रहा है। अन्नमलाई का कहना है कि आरोपी सत्तारूढ़ पार्टी के स्टूडेंट विंग से जुड़ा है और पुलिस पीड़ित छात्रा की पहचान जानबूझकर उजागर कर रही है। बीजेपी नेता के आऱोपों पर तमिलनाडु के कानून मंत्री एस रघुपति ने दावा किया है कि आरोपी का डीएमके से कोई संबंध नहीं है।
क्या है पूरा मामला?
अन्ना यूनिवर्सिटी के एक इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा का यूनिवर्सिटी कैंपस में कथित यौन उत्पीड़न हुआ था। घटना बुधवार, 23 दिसंबर की सुबह की है। खबर है कि 19 साल की इंजीनियरिंग स्टूडेंट अपने एक दोस्त के साथ कैंपस में बैठी थी। तभी आरोपी वहां पहुंचा और उसने छात्रा से रेप किया और उसके दोस्त के साथ मारपीट की।
पीड़ित छात्रा ने कोट्टूरपुरम महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक, जांच के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई है। 25 दिसंबर को पुलिस ने यूनिवर्सिटी कैंपस के बाहर बिरयानी बेचने वाले ज्ञानशेखरन नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया और उससे पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी का क्राइम रिकॉर्ड चेक किया तो पता चला कि ज्ञानशेखरन के खिलाफ 2011 में भी एक लड़की के साथ रेप का मामला दर्ज हुआ था। इसके अलावा उसके खिलाफ लूटपाट समेत 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

