
Jamshedpur : जमशेदपुर के परसुडीह इलाके स्थित श्यामा प्रसाद इंटर कॉलेज में छात्र द्वारा देसी कट्टा और जिंदा कारतूस लेकर आने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। घटना का खुलासा तब हुआ, जब क्लासरूम में हथियार दिखाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जांच में मामला सही पाए जाने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने संबंधित छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया है। बताया जा रहा है कि यह घटना 19 जून की है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद मामला सार्वजनिक हुआ। हालांकि THE PHOTON NEWS इस वीडियो वायरल की पुष्टी नहीं करता है। कॉलेज प्रबंधन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल 12वीं साइंस के तीनों छात्रों को निष्कासित कर दिया है। बताया जा रहा है कि कॉलेज में अपना दबदबा कायम करने के लिए छात्र क्लास में हथियार लेकर पहुंचा था।

बैग में लेकर आया था देसी कट्टा और जिंदा कारतूस
जानकारी के अनुसार, 12वीं कक्षा का एक छात्र अपने बैग में देसी कट्टा और जिंदा कारतूस लेकर कॉलेज पहुंचा था। क्लासरूम में उसने अपने कुछ साथियों को हथियार दिखाया। इसी दौरान कक्षा के एक अन्य छात्र ने उसका वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया और कॉलेज प्रशासन पर सवाल उठने लगे।
पहले किया इनकार, फिर वीडियो देखने के बाद हुई कार्रवाई
मामला सामने आने पर शुरुआत में कॉलेज प्रबंधन ने इस घटना से इनकार किया। हालांकि, जब वायरल वीडियो कॉलेज के प्राचार्य और शिक्षकों को दिखाया गया, तो उन्होंने वीडियो में दिख रहे छात्रों की पहचान कर ली। जांच में पुष्टि हुई कि वीडियो में नजर आने वाले तीनों छात्र उसी कॉलेज के 12वीं विज्ञान संकाय के विद्यार्थी हैं।
दबदबा बनाने के लिए लाया था हथियार
कॉलेज प्रशासन की पूछताछ में संबंधित छात्र ने स्वीकार किया कि कुछ दिन पहले छात्रों के बीच हुए विवाद और मारपीट के बाद वह अपना दबदबा बनाने के उद्देश्य से कॉलेज में हथियार लेकर आया था। छात्र ने यह भी बताया कि उसे यह देसी कट्टा उसके इलाके के एक साथी ने दिया था। हालांकि, हथियार किसका है और छात्र तक कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
तीन छात्रों को निष्कासित करने का फैसला
कॉलेज के प्राचार्य एससी महतो ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच के बाद मामला सही पाया गया है। इसके बाद वीडियो में दिख रहे तीनों छात्रों को कॉलेज से निष्कासित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक परिसर में इस प्रकार की घटनाएं बेहद गंभीर हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े नियम लागू किए जाएंगे।
कॉलेजों में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। एक छात्र का हथियार और जिंदा कारतूस लेकर कॉलेज परिसर तक पहुंच जाना सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक माना जा रहा है। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों का कहना है कि कॉलेजों और स्कूलों में नियमित जांच, निगरानी और छात्रों की काउंसलिंग की व्यवस्था मजबूत किए जाने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।फिलहाल, कॉलेज प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है और भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की बात कही है।

