
चाईबासा : अंजुमन इस्लामिया चक्रधरपुर के तत्वावधान में रविवार को क्लासिक मैरिज हॉल में ‘सीरत-उन-नबी क्विज प्रतियोगिता’ का पुरस्कार वितरण सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में प्रतियोगिता में शामिल सभी 273 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य आकर्षण रांची के चर्चित वायरल बॉय जैन अकदस हैदर रहे, जिन्हें देखने और सुनने के लिए हॉल दर्शकों से खचाखच भरा रहा।
इन्होंने लहराया सफलता का परचम
पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की जिंदगी और शिक्षाओं से बच्चों को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
यह रहे विजेता
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हाशिर इनायत सिद्दीकी डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा,द्वितीय स्थान जावेद अख्तर बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग कॉलेज, जमशेदपुर और तृतीय स्थान अलीशा नाज जवाहरलाल नेहरू कॉलेज, चक्रधरपुर तीनों विजेताओं को कैश अवार्ड, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 52 अन्य विद्यार्थियों को भी कैश अवार्ड, मेडल व ट्रॉफी प्रदान की गई।
वक्त का एहतराम करें और घमंड से बचें: जैन अकदस हैदर
मुख्य अतिथि जैन अकदस हैदर ने कहा कि “वक्त का एहतराम करो, क्योंकि बीता हुआ समय दोबारा लौटकर नहीं आता।” उन्होंने बच्चों को सफलता मिलने के बाद भी विनम्र बने रहने की सलाह देते हुए कहा कि घमंड इंसान की सफलता के मार्ग को रोक देता है। उन्होंने बच्चों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के सहज उत्तर देकर उन्हें शिक्षा व संस्कारों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इल्म ही सबसे बड़ी दौलत: फैयाज अहमद खान
विशिष्ट अतिथि चाईबासा अंजुमन के सचिव फैयाज अहमद खान ने कहा कि दुनिया में इल्म (ज्ञान) से बड़ी कोई दौलत नहीं है। वहीं जैतगढ़ से आए काविश रजा ने निरंतर मेहनत को सफलता की कुंजी बताया। कार्यक्रम में जैन अकदस हैदर के माता-पिता (मोहम्मद गुलाम हैदर व नुजहत निगार) के अलावा अंजुमन इस्लामिया चक्रधरपुर के उपाध्यक्ष हाजी इकराम हुसैन, सचिव बैरम खान, उपसचिव मोहम्मद सद्दाम हुसैन और कोषाध्यक्ष मोहम्मद तौकीर ने भी विचार व्यक्त किए।
सहयोगी संस्थाएं और विद्यालय भी हुए सम्मानित
समारोह में सामाजिक कार्यों में सहयोग देने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों शिफा-313, सफ वेलफेयर सोसाइटी, अब्दुल हलीम, मोहम्मद सुबान अनवर, मोहम्मद शाहनवाज आलम, हाजी इरफान खान, हाजी मोहम्मद मोइनुद्दीन और शम्स तबरेज पप्पू को सम्मानित किया गया।
साथ ही प्रतियोगिता में सराहनीय सहयोग के लिए चार विद्यालयों उर्दू टाउन उच्च विद्यालय, उर्दू टाउन मध्य विद्यालय, उर्दू मध्य विद्यालय दंदासाई और उर्दू मध्य विद्यालय सिमिदिरी को भी सम्मानित किया गया। अंत में अंजुमन इस्लामिया की ओर से सभी अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
Read Also Chaibasa News : अवैध अफीम खेती और खनन पर ड्रोन से होगी निगरानी, प्रशासन चलाएगा सघन छापेमारी अभियान

