
Potka : पोटका विधानसभा क्षेत्र के डुमरिया प्रखंड अंतर्गत खैरबानी पंचायत के जानुमटांडी टोला के ग्रामीणों ने गुडराघाटी नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर रविवार को नदी किनारे प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द पुलिया निर्माण कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि पुल नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में नदी पार करना बेहद मुश्किल और जोखिम भरा हो जाता है। बारिश के दौरान जलस्तर बढ़ने पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। इसका सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों पर पड़ता है। ग्रामीण मोहन मार्डी, पूजा मार्डी और सोन मुनि मार्डी ने बताया कि नदी में पानी बढ़ने पर अभिभावकों को बच्चों को गोद या कंधे पर उठाकर नदी पार करानी पड़ती है। कई बार पानी अधिक होने के कारण बच्चों को स्कूल भेजना संभव नहीं हो पाता। इससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है।
वहीं, किसी ग्रामीण के बीमार पड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, आपात स्थिति में नदी पार करने में होने वाली देरी मरीज की परेशानी और बढ़ा देती है। ग्रामीणों ने बताया कि गुडराघाटी नदी पर पुलिया निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। इसको लेकर मुखिया, विधायक, सांसद समेत अन्य जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाई गई है। प्रशासन को भी लिखित आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक पुलिया निर्माण को लेकर कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से उनकी मांग कागजों में ही घूम रही है, जबकि जमीनी स्तर पर समस्या आज भी बनी हुई है। हर बरसात में उन्हें इसी तरह जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गुडराघाटी नदी पर जल्द पुलिया निर्माण कराने की मांग की है, ताकि जानुमटांडी टोला के लोगों को आवागमन, शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से राहत मिल सके।

