
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जमशेदपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शुभम खंडेलवाल ने जमशेदपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 29 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि मुसाबनी से दो युवक ब्राउन शुगर की बिक्री के लिए घाटशिला थाना क्षेत्र में पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और ग्रामीण एसपी के निर्देश पर घाटशिला एसडीपीओ विकास कुमार लागुरी के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया। पुलिस टीम ने घाटशिला थाना क्षेत्र के अमायईनगर पुलिया के पास संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो युवकों को रोका। तलाशी लेने पर उनके पास से 13.12 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने मौके से एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुसाबनी के तीन नंबर हरिजन बस्ती निवासी 19 वर्षीय जय महानंद और मुसाबनी निवासी 19 वर्षीय आकर्षित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब बरामद ब्राउन शुगर के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय मादक पदार्थों के सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

