
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा में नाबालिग से कथित दुर्व्यवहार और चाकूबाजी की घटना के बाद रविवार को लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग बड़ाजामदा थाना पहुंचे और जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा सहित कई नेता और जनप्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे। सभी ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने पुलिस-प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 24 घंटे के अंदर सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो पूरे झारखंड को बंद कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मामला नाबालिग लड़की से जुड़ा हुआ है, इसलिए यह बेहद गंभीर है और इसमें किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
पुलिस ने इस मामले में अब तक स्क्रैप कारोबारी दिवाकर उर्फ दीपू सिंह को गिरफ्तार किया है। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में उसके लॉज, दुकान और स्क्रैप यार्ड समेत कई ठिकानों को सील भी किया गया है।
प्रदर्शनकारियों ने इस मामले में शाहबाज और उसके कथित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस घटना के पीछे सिर्फ आपसी विवाद नहीं, बल्कि अवैध स्क्रैप और लौह अयस्क के कारोबार से जुड़े बड़े नेटवर्क का हाथ हो सकता है। लोगों ने आरोपियों के वाहनों, संपत्तियों, कारोबार, क्रेशर और आर्थिक लेनदेन की भी जांच की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए झारखंड और ओडिशा के कई ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने कहा कि लगाए गए सभी आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो पाएगी।
Read Also Chaibasa News : जायंट्स ग्रुप ऑफ चाईबासा की ओर से आयोजित 8वां ज्ञान अभियान के विजेता हुए सम्मानित

