
चाईबासा : सारंडा के छोटानागरा थाना क्षेत्र के बहदा गांव में रविवार देर शाम कुइना पहाड़ी नदी में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को हिला कर रख दिया है। नदी के तेज बहाव में बहे तीन ग्रामीणों में से एक महिला का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दो लोग अब भी लापता हैं।
ग्रामीणों के अनुसार बहदा गांव के मुंडा रोया सिद्धू की मां का शव घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर नदी में झाड़ियों में फंसा हुआ मिला। खोज अभियान के दौरान ग्रामीणों को झाड़ियों में शव दिखाई दिया, जिसके बाद उसे नदी से बाहर निकाला गया। शव मिलने के बाद गांव में मातम और गहरा गया है। इस हादसे में बहदा गांव के बोसेन सिद्धू जो मुंडा रोया सिद्धू के पिता हैं, और बामिया सिद्धू की पत्नी सुनीता सिद्धू अब भी लापता हैं। ग्रामीण लगातार दोनों की तलाश में जुटे हुए हैं, लेकिन नदी में तेज बहाव, अंधेरा और लगातार हो रही बारिश के कारण खोज अभियान में काफी परेशानी हो रही है। बताया गया है कि तीनों ग्रामीण रविवार को गांव में एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होकर नदी पार कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी इलाके से अचानक भारी पानी आ गया, जिससे कुइली नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और बहाव तेज हो गया। देखते ही देखते तीनों पानी की तेज धारा में बह गए।
एक महिला का शव मिलने के बाद अब सभी की निगाहें नदी पर टिकी हैं। ग्रामीण बोसेन सिद्धू और सुनीता सिद्धू के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं, लेकिन तेज बारिश और बहाव के बीच उनकी तलाश चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।
Read Also Chaibasa News : जायंट्स ग्रुप ऑफ चाईबासा की ओर से आयोजित 8वां ज्ञान अभियान के विजेता हुए सम्मानित

