
पलामू : जिले के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र स्थित पोखराहा में गुरुवार को हुए सड़क हादसे में एक स्कूटी सवार की मौत हो गई। फोरलेन सड़क पार करने के दौरान एक तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी और उसे रौंदते हुए आगे निकल गया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान पांकी थाना क्षेत्र के करार गांव निवासी माजिद आलम (35) के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने घटनास्थल के पास नेशनल हाईवे को जाम कर दिया।
हादसे के बाद उग्र हुए लोग, उपायुक्त को बुलाने की मांग
सड़क दुर्घटना के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और उपायुक्त को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि वे किसी निचले स्तर के अधिकारी से बातचीत नहीं करेंगे। स्थानीय लोगों ने एक बार फिर पोखराहा चौक पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग को उठाया। उनका कहना है कि इस क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। इसके अलावा, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की जा रही है।
सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार
हाईवे जाम होने के कारण सड़क के दोनों छोर पर दर्जनों वाहन फंस गए। कई यात्री घंटों तक जाम में फंसे रहे। सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक जाम जारी था।
फोरलेन पार करने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माजिद आलम स्कूटी से मेदिनीनगर आ रहे थे। जैसे ही वह पोखराहा चौक के पास फोरलेन सड़क पार करने लगे, उसी दौरान एक तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मौजूद परिचित लोगों ने शव की पहचान की और घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजन अस्पताल के लिए रवाना हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले 15 दिनों के दौरान इस इलाके में तीन लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद सुरक्षा उपायों और यातायात व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है।
Read Also- Jharkhand High Court:आचार संहिता उल्लंघन मामले में हेमंत सोरेन बरी; हाई कोर्ट ने FIR को किया निरस्त

