
चक्रधरपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे जोन अंतर्गत चक्रधरपुर रेल मंडल में मानव तस्करी की बड़ी साजिश को आरपीएफ और जीआरपी ने एक बार फिर नाकाम कर दिया। बुधवार को संयुक्त कार्रवाई में चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन से तमिलनाडु ले जाई जा रहीं दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
आरपीएफ को बुधवार को गुप्त सूचना मिली कि कुछ नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर तमिलनाडु ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने चक्रधरपुर स्टेशन पर घेराबंदी कर दी। जांच के दौरान टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को दो नाबालिग लड़कियों के साथ पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी सोमनाथ लागुरी (33), पिता स्वर्गीय गोलायम लागुरी, निवासी बोन-हरतालाब, थाना टोन्टो, जिला पश्चिमी सिंहभूम के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दोनों नाबालिगों लड़की को पैसे का लालच देकर तमिलनाडु राज्य के V-3 थाना क्षेत्र में ले जा रहा था। आरपीएफ और जीआरपी ने तत्परता दिखाते हुए दोनों लड़कियों को आरोपी के चंगुल से छुड़ा लिया। फिलहाल दोनों नाबालिगों को सुरक्षित रखा गया है और उन्हें उनके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
आरोपी के खिलाफ मानव तस्करी का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई में जीआरपी थाना प्रभारी मो. सुहेल खां, मंगरा उरांव, आरक्षी दीपक महतो, महावीर गागराई, लक्ष्मी गागराई शामिल थे। वहीं आरपीएफ की ओर से सुशील कुमार, जयंत कुमार, राकेश कुमार, आरक्षी सुधीर कुमार, आरक्षी उमाशंकर धार, आरक्षी आरके पाल और आरक्षी पिंकी पुरती की टीम ने अहम भूमिका निभाई। रेलवे अधिकारियो ने कहा कि मानव तस्करी रोकने के लिए स्टेशनों पर निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है। आम लोगों से भी अपील की गई है कि संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 या आरपीएफ को सूचना दें।
Read Also- Chaibasa News: जराइकेला में हाथी के हमले से सीआरपीएफ का मुंशी गंभीर रूप से घायल, राउरकेला रेफर

