RANCHI: सोमवार को उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री से रांची नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने मुलाकात की। इस दौरान शहर की मूलभूत समस्याओं, नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता, महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। पार्षदों ने शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के संबंध में उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा। उपायुक्त ने कहा कि रांची को आदर्श और नागरिक सुविधाओं से सुसज्जित शहर बनाने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
बैठक के दौरान वार्डों में नियमित साफ-सफाई और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने की आवश्यकता है, ताकि लोगों की भागीदारी से शहर को साफ और सुंदर बनाया जा सके। महिला सुरक्षा को लेकर भी बैठक में गंभीरता से चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं और किशोरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सामुदायिक सहभागिता बेहद जरूरी है। वार्ड स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम, स्कूलों और मोहल्लों में संवाद तथा हेल्पलाइन की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची में पात्र लोगों का नाम जोड़ने को लेकर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने पार्षदों से बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने की अपील की। साथ ही नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर बल दिया गया।

