रांची : राज्य के सबसे बड़े हॉस्पिटल रिम्स में आए दिन लोगों से पैसे मांगने की शिकायतें मिल रही हैं। कोई सर्टिफिकेट बनाने के नाम पर परिजनों को ठग रहा है तो कोई काम कराने के लिए पैसे मांग रहा है। अब रिम्स प्रबंधन ऐसे लोगों पर कार्रवाई करेगा। इस पर रोक लगाने के लिए प्रबंधन ने योजना बनाई है। वहीं हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिया है। जिसपर लोग पैसे मांगने की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इतना ही नहीं इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम में भी कंप्लेन की व्यवस्था की गई है। जिससे कि हॉस्पिटल में घूमने वाले असामाजिक तत्वों पर रोक लगाई जा सके।

जगह जगह पर लगाए नोटिस बोर्ड
रिम्स हॉस्पिटल में जगह जगह पर नोटिस बोर्ड लगाया गया है। जिसमें लिखा गया है कि जन्म और मृत्यु से संबंधित कार्य में किसी भी प्रकार से रुपए पैसे का लेन-देन नहीं किया जाता है। जन्म और मृत्यु से संबंधित प्रमाण पत्र मुफ्त में बनाए जाते हैं। अगर किसी व्यक्ति/कर्मी के द्वारा पैसे की मांग की जाती है तो तुरंत ही मोबाईल नंबर 9431938646, 9263614358 पर शिकायत दर्ज करा सकते है। इसके अलावा अपर चिकित्सा अधीक्षक-सह-रजिस्ट्रार (जन्म एवं मृत्यु) के पास या ऑफिस में भी में सूचित कर सकते है। जन्म और मृत्यु सर्टिफिकेट काउन्टर- 2,8,9 के साथ में स्थित इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
21 दिन में जारी किया जाता है सर्टिफिकेट
आवेदन के बाद 21 दिनों के अंदर सर्टिफिकेट जारी करने का प्रावधान है। अगर पेपर में कोई गड़बड़ी हो तो इसमें अधिक समय लगता है। लेकिन कुछ दलाल किस्म के लोग रिम्स में घूम रहे हैं। जो जल्दी काम कराने के एवज में पैसे ले लेते है और गायब हो जाते हैं। इसके बाद आवेदन करने वाला काउंटर के चक्कर लगाता रहता है। वहीं काउंटर पर पहुंचने पर जानकारी मिलती है कि अभी सर्टिफिकेट तैयार नहीं है। ऐसे में उन्हें निराशा हाथ लगती है।
ये भी दिया गया है निर्देश
हॉस्पिटल में इलाज से लेकर दवाएं भी मुफ्त में उपलब्ध कराई जाती हैं। लेकिन कई बार दवाएं उपलब्ध नहीं होने पर बाहर से मंगाई जाती है। इसके लिए निर्देश दिए गए हैं। लेकिन कुछ स्टाफ इसके लिए भी परिजनों से पैसे की मांग करते हैं। इसको लेकर भी प्रबंधन ने नोटिस जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि रिम्स में किसी भी तरह से पैसे का लेनदेन नहीं किया जाता है। अगर कोई इलाज या दवा के नाम पर पैसे मांगे तो शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

