Bokaro : बोकारो जिला के पेटरवार थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय आदिवासी किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पेटरवार थाना पुलिस ने पोक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। इसके बाद आरोपी बिहार के रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार कर युवक को जेल भेज दिया गया है।

बताते हैं कि आरोपी युवक कोलकाता-वाराणसी सिक्स लेन एक्सप्रेस वे का निर्माण कर रही कंपनी में पत्थर खनन करने वाली मशीन का ऑपरेटर है। वह पीडित किशोरी के घर के पास किराए के मकान में रहता है। किशोरी के पिता मजदूरी करते हैं। घटना के दिन किशोरी घर पर अकेली थी। पिता मजदूरी करने बाहर गए थे।
मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने घटना को अंजाम दिया। जारीडीह सर्किल इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया की किशोरी के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए थे। आरोपी को पकड़ लिया गया था और पुलिस को सौंप दिया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच की। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। किशोरी की मेडिकल जांच कराई गई है। जल्द ही उसका कोर्ट में बयान कराया जाएगा।

