
Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शहर के आमबागान मैदान के सौंदर्यीकरण की मांग करते हुए इसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस की स्मृतियों से जुड़े भव्य स्मारक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का आग्रह किया है। इस संबंध में उन्होंने टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट कॉरपोरेट सर्विसेज (वीपीसीएस) और पूर्वी सिंहभूम के जिलाधिकारी को पत्र भेजकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
सरयू राय ने कहा कि आमबागान मैदान शहर का प्रमुख सार्वजनिक स्थल है और इसका ऐतिहासिक महत्व भी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से 2019 के दौरान मंत्री रहते हुए उन्होंने इस मैदान का नाम बदलकर “नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक मैदान” करने का प्रस्ताव दिया था। इस प्रस्ताव पर शहर के नागरिकों के साथ बैठक भी हुई थी और योजना को स्वीकृति मिलने के बाद तत्कालीन जुस्को ने विकास कार्य शुरू किया था, लेकिन वर्ष 2019 के बाद यह योजना अधूरी रह गई।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में मैदान की स्थिति बेहद खराब है। यह धीरे-धीरे कबाड़ रखने और अनधिकृत पार्किंग का स्थान बनता जा रहा है। मैदान में स्थापित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के आसपास भी अव्यवस्था बनी हुई है, जो शहर की गरिमा और नेताजी के सम्मान के अनुरूप नहीं है।
सरयू राय ने बताया कि करीब आठ महीने पहले उन्होंने टाटा स्टील के वीपीसीएस से इस विषय पर विस्तार से चर्चा की थी। उस समय कंपनी ने मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए सिद्धांततः सहमति जताई थी। तत्कालीन जिलाधिकारी ने भी प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद योजना पर काम आगे नहीं बढ़ पाया।
उन्होंने सुझाव दिया कि आमबागान मैदान को आधुनिक स्वरूप देते हुए यहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और रहस्यमय ढंग से लापता होने तक की घटनाओं को ऑडियो-विजुअल माध्यम से प्रदर्शित किया जाए। इससे नई पीढ़ी देश के महान स्वतंत्रता सेनानी के जीवन और संघर्ष से प्रेरणा ले सकेगी।
सरयू राय ने कहा कि यदि इस योजना को व्यवस्थित तरीके से लागू किया जाए तो आमबागान मैदान न केवल शहर की ऐतिहासिक पहचान को नई मजबूती देगा, बल्कि जमशेदपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में भी अपनी पहचान बना सकेगा।

