
Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक के पहले तक उपयुक्त स्थान पर एलिवेटेड रोड (ऊपरी पथ/ फ्लाईओवर) निर्माण की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री और पथ निर्माण विभाग के सचिव को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
सरयू राय ने रविवार को कहा कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक और पटमदा की ओर जाने वाली सड़क दलमा वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र से होकर गुजरती है। वन क्षेत्र होने के कारण सड़क का चौड़ीकरण आसान नहीं है। ऐसे में भविष्य में बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए एलिवेटेड रोड का निर्माण सबसे बेहतर विकल्प हो सकता है।
उन्होंने बताया कि डिमना चौक से एमजीएम मेडिकल कॉलेज तक फोरलेन सड़क निर्माण की योजना पहले ही स्वीकृत हो चुकी है। इस परियोजना का निर्माण पथ निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा। डीपीआर में आवश्यक संशोधन और टाटा स्टील से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
विधायक ने कहा कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज के आगे डिमना लेक और पटमदा की ओर जाने वाला मार्ग काफी संकरा है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसलिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक के पहले तक एलिवेटेड रोड का निर्माण कराया जाना चाहिए, ताकि यातायात सुरक्षित और सुगम हो सके।
उन्होंने कहा कि डिमना लेक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन चुका है और यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। जिस तरह राष्ट्रीय उच्च पथ-33 पर एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जा रहा है, उसी तर्ज पर इस मार्ग का भी विकास किया जाना चाहिए।
सरयू राय ने बताया कि इस प्रस्ताव पर उनकी पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों से चर्चा हुई है। अधिकारियों के अनुसार परियोजना के निर्माण में कोई बड़ी तकनीकी बाधा नहीं है और वन विभाग से अनुमति मिलने में भी विशेष परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि एलिवेटेड रोड बनने से पटमदा, बोड़ाम और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही जमशेदपुर से पुरुलिया जाने वाले यात्रियों का सफर भी अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक हो जाएगा।

