
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर से तीन नाबालिग दोस्तों के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया है। परिजनों की शिकायत पर चक्रधरपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोबाइल लोकेशन के आधार पर तीनों की अंतिम जगह आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम बताई जा रही है। पुलिस बच्चों की सुरक्षित वापसी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
ऐसे गायब हुए तीनों छात्र
जानकारी के मुताबिक कैनाल रोड निवासी प्रधान बोदरा का 14 वर्षीय बेटा अविनाश बोदरा कक्षा 9 का छात्र है, वह मधुसूदन पब्लिक स्कूल में पढ़ता है। वह 22 जुलाई को घर से निकला था और कुछ दिन लोको कॉलोनी में अपने दोस्त सागर पूर्ति के रेलवे क्वार्टर में रुका था। 26 जुलाई को वहां से निकलने के बाद से उसका कोई पता नहीं चला। वहीं खुंटपानी प्रखंड के बांयका गांव का जॉन जामुदा और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिंहपोखरिया गांव का अशोक सवैया का 13 वर्षीय बेटा नवीन सवैया भी लापता है। दोनों कारमेल स्कूल में कक्षा 9 में पढ़ते हैं।
मोबाइल ट्रैकिंग से मिली लोकेशन
परिजनों ने काफी तलाश के बाद जब बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला तो चक्रधरपुर थाना में लिखित शिकायत दी। प्रधान बोदरा ने बताया कि पुलिस ने मोबाइल ट्रैक कराया तो तीनों की आखिरी लोकेशन विशाखापट्टनम में मिली है।पुलिस ने उस क्षेत्र की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है और स्थानीय पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि लोकेशन के आधार पर टीम तलाश में जुटी है। जल्द से जल्द तीनों को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना के बाद तीनों परिवारों में चिंता का माहौल है। परिजन बच्चों के सुरक्षित लौटने की प्रार्थना कर रहे हैं।

