
Jamshedpur : लौहनगरी से सटे सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत दलमा वन अभयारण्य में लग्जरी रेस्ट हाउस खोला गया है। मकुलाकोचा में बने इस रेस्ट हाउस का उद्घाटन रविवार को राज्य के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने किया। मंत्री ने गुब्बारे उड़ाकर खुशी का इजहार किया। इस दौरान ईचागढ़ की विधायक सविता महतो, घाटशिला के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, दलमा रेंज के डीएफओ सबा आलम अंसारी समेत सरायकेला-खरसावां जिले के डीसी नितिश कुमार सिंह व एसपी मनोज स्वर्गियारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। उद्घाटन के बाद आधुनिक रेस्ट हाउस को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। इसके साथ ही रेस्ट हाउस की बुकिंग भी शुरू कर दी गई।
उद्घाटन अवसर पर मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि नया आधुनिक रेस्ट हाउस पर्यटन को नया आयाम देगा। मकुलकोचा के अलावा दलमा टॉप स्थित पिंड्राबेड़ा में भी आधुनिक रेस्ट हाउस का निर्माण कराया जा रह है। इसका निर्माण भी अंतिम चरण में है। पिंड्राबेड़ा में हैंगिंग रेस्ट हाउस बनाया जा रहा है। यहां बन रहे रेस्ट हाउस का आधा हिस्सा पहाड़ से लटका रहेगा।
इस वेबसाइट से कराई जा सकेगी बुकिंग

दलमा में बने कॉटेज
नए रेस्ट हाउस की बुकिंग पर्यटक दलमा वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी डॉट कॉम dalma wild life scantury. Comऔर जेटीडीसी (JTDC) की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते है। रेस्ट हाउस का किराया 3,500 रुपये रखा गया है, इसमें नाश्ता भी शामिल रहेगा। ज्ञात हो कि कुल 11 करोड़ की लागत से मकुलाकोचा और पिंड्राबेड़ा में 15-15 कमरों का आधुनिक रेस्ट हाउस का निर्माण कराया गया है। मकुलाकोचा में रेस्ट हाउस का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि पिंड्राबेड़ा में निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। पहाड़ों और हरियाली के बीच बने इस नए रेस्ट हाउस में ठहरना पर्यटकों को अलग आनंद की अनुभूति कराएगा। पर्यटकों को प्रकृति के बीच रहने का अवसर मिलेगा। रेस्ट हाउस के सामने एक फव्वारा भी लगाया गया है। वहीं, लोगों के बैठने के लिए उत्तम व्यवस्था की गई है, तो जलपान व भोजन के लिए आकर्षक कैफेटेरिया का निर्माण भी किया गया है।
स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार

दलमा का खूबसूरत नजारा
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से दलमा में आधुनिक रेस्ट हाउस का निर्माण कराया गया है। इसके संचालन में लगे कुल 30 कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया है। दलमा रेंज के डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि नए रेस्ट हाउस का निर्माण होने से न सिर्फ पर्यटन को नया आयाम मिलेगा, बल्कि यह स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराएगा। रेस्ट हाउस संचालन की जिम्मेदारी स्थानीय वन समिति को दी गई है। यहां के कर्मचारियों को कोलकाता के होटल में ट्रेनिंग दी गई है। उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया था। इसके अलावा मंत्री, विधायक समेत अन्य अधिकारियों ने पौधारोपण भी किया।
Read also West Singhbhum News : जंगल, जल और जमीन हमारी सबसे अनमोल पूंजी : सांसद जोबा माझी

