Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (National Deworming Day) का शुभारंभ मंगलवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने साकची हाईस्कूल से किया। इस अवसर पर उन्होंने स्कूली बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाकर अभियान की शुरुआत की। मौके पर सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, डीआरसीएचओ डॉ. रंजीत पांडा सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आज दवा पिलाई गई। वहीं, 19 सितंबर को ‘मॉप-अप राउंड’ आयोजित होगा ताकि कोई भी बच्चा छूट न जाए।
इस अभियान का उद्देश्य 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोरों को कृमि संक्रमण से मुक्त करना है। कृमि संक्रमण बच्चों में कुपोषण, एनीमिया, मानसिक व शारीरिक विकास में बाधा डालता है और शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उपायुक्त ने स्वास्थ्य कर्मियों और आंगनबाड़ी सेविकाओं को निर्देश दिया कि अभियान को सफल बनाने के लिए हर योग्य बच्चे को दवा अवश्य दी जाए।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि साल में दो बार अपने बच्चों को कृमिनाशक दवा जरूर दिलवाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और पोषण तभी सार्थक होंगे जब बच्चे स्वस्थ रहेंगे। सिविल सर्जन ने भी कहा कि यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है और बच्चों को नियमित रूप से दी जानी चाहिए।
डॉ. रंजीत पांडा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने प्रत्येक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र तक दवा पहुंचा दी है। जो बच्चे स्कूल या आंगनबाड़ी केंद्र में दवा नहीं ले पाएंगे, उन्हें स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीमें घर-घर जाकर दवा खिलाएंगी।

