Home » RANCHI NEWS: रांची में फ्लाइट हुई कैंसिल तो होटल किराए में मनमानी नहीं चलेगी, जिला प्रशासन ने जारी किया सख्त निर्देश

RANCHI NEWS: रांची में फ्लाइट हुई कैंसिल तो होटल किराए में मनमानी नहीं चलेगी, जिला प्रशासन ने जारी किया सख्त निर्देश

by Vivek Sharma
रांची एयरपोर्ट
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI: ठंड में घने कोहरे और खराब मौसम के कारण हवाई उड़ानों के कैंसिल या देर होने की स्थिति में यात्रियों की परेशानी को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। वहीं होटल, लॉज और गेस्ट हाउस संचालकों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसी आपात परिस्थितियों में रूम के किरायों में मनमानी वृद्धि किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला प्रशासन को मिली जानकारी

जिला प्रशासन को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से यह जानकारी मिली है कि दिसंबर और जनवरी के महीनों में विशेषकर उत्तर भारत से आने-जाने वाली उड़ानों में कोहरे के कारण परेशानी होती है। उड़ान रद्द या देर होने पर कई यात्रियों को मजबूरी में होटल में रुकना पड़ता है। इस दौरान कुछ होटल संचालकों द्वारा अधिक किराया वसूले जाने की शिकायतें लगातार मिलती रही हैं।

उल्लंघन करने पर कार्रवाई

प्रशासन ने इसे उपभोक्ता हितों के खिलाफ बताते हुए कहा है कि आपदा, आपात स्थिति या हवाई सेवाओं में बाधा के समय किराया बढ़ाना पूरी तरह अनुचित और अस्वीकार्य है। ऐसे हालात में होटल संचालकों को पूर्व में निर्धारित और प्रचलित दरों पर ही कमरे उपलब्ध कराने होंगे। जारी निर्देशों के अनुसार उड़ान कैंसिल या देर की स्थिति में यात्रियों के साथ सहयोगात्मक और मानवीय व्यवहार करना अनिवार्य होगा। किसी भी तरह के अतिरिक्त या छिपे हुए चार्ज नहीं लिए जाएंगे। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि इन निर्देशों का उल्लंघन करने पर संबंधित होटल, लॉज या गेस्ट हाउस संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles