जमशेदपुर : उलीडीह थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे-33 पर डिमना रेजीडेंसी के नजदीक गुरुवार की देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक आरओ प्लांट में भयंकर आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में धुएं फैल गया। इससे इलाके के लोग दहशत में आ गए।
बताते हैं कि प्लांट का एक कर्मचारी गैस चूल्हे पर खाना बना रहा था। तभी अचानक चिंगारी निकली और पास में रखे ज्वलनशील पदार्थ ने आग पकड़ ली। धीरे धीरे आसपास लगे सामान को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा आरओ प्लांट जलने लगा।
इस हादसे में प्लांट में रखे पानी के जार, मोटर, पाइप, बिजली से जुड़े उपकरण, प्लास्टिक सामग्री और अन्य आवश्यक सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इस आगजनी में लाखों रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है।
आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने फौरन अग्निशमन विभाग और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। मगर, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। अससे दमकल कर्मियों को इस पर काबू पाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। तकरीबन एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
घटना के दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और सुरक्षा व्यवस्था संभालती रही। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के झुलसने सूचना नहीं है। समय रहते की गई कार्रवाई से आग को आसपास के इलाकों में फैलने से रोक लिया गया।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से डिमांड की है कि ऐसे व्यावसायिक परिसरों में अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Also Read: PESA Rules : हाईकोर्ट सख्त; सचिव को टाइम फ्रेम तय करने का आदेश, बालू-खनिज नीलामी पर रोक बरकरार

