Jamshedpur (Jharkhand) : एसई रेलवे मिक्स्ड हाई स्कूल (बांग्ला माध्यम), टाटानगर के पूर्व छात्रों का चौथा एलुमिनी मीट रविवार को टाटानगर रेलवे इंस्टीट्यूट में उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। इस आयोजन में देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों से आए लगभग 200 से अधिक पूर्व छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान सबों ने अपने विद्यालयीन जीवन की मधुर स्मृतियों को साझा किया।
दिन भर ताजा होती रहीं स्कूल से जुड़ी यादें
कार्यक्रम की शुरुआत आपसी मिलन और परिचय से हुई, जिसके बाद पूरे दिन स्कूल से जुड़े पुराने अनुभव और यादें ताजा होती रहीं। पूर्व छात्र-छात्राओं ने अपने छात्र जीवन के स्वर्णिम पलों को याद करते हुए भावनात्मक क्षण भी साझा किए। इस अवसर पर पूर्व छात्रों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया और आयोजन को और भी यादगार बना दिया।
अब हर वर्ष एलुमिनी मीट का निर्णय
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों के लिए स्वादिष्ट नाश्ता और दोपहर के भोज की व्यवस्था की गई। साथ ही सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि एलुमिनी मीट का आयोजन अब हर वर्ष नियमित रूप से किया जाएगा, ताकि पूर्व छात्र-छात्राओं के बीच आपसी संपर्क और सहयोग को और मजबूत किया जा सके। इस आयोजन में चमक सेनगुप्ता, सुब्रत घोष, संजीत पॉल, रतन पॉल, श्यामा पॉल, उत्तम आचार्य, बिनय सिकदार, पियूष दास, ज्योतिर्मय रक्षित का विशेष योगदान रहा।

