Home » Women’s Hockey India League : रांची में महिला हॉकी इंडिया लीग की धमाकेदार शुरुआत आज से, घरेलू टीम रॉयल्स पर दर्शकों की नजरें

Women’s Hockey India League : रांची में महिला हॉकी इंडिया लीग की धमाकेदार शुरुआत आज से, घरेलू टीम रॉयल्स पर दर्शकों की नजरें

by Anand Kumar
Women’s Hockey India League
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi : एक बार फिर रांची देश की महिला हॉकी की धड़कन बनने को तैयार है। मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में 28 दिसंबर से शुरू हो रही महिला हॉकी इंडिया लीग में चार टीमें पूरे जोश और रणनीति के साथ मैदान पर उतरने को तैयार हैं। लीग का उद्घाटन मुकाबला आज शाम 7:30 बजे रांची रॉयल्स और दिल्ली एसजी पाइपर्स के बीच होगा। 12 लीग मैचों के बाद शीर्ष दो टीमें 10 जनवरी को फाइनल में खिताब के लिए भिड़ेंगी।

शनिवार को चारों टीमों की कप्तानों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी तैयारियों और रणनीति पर खुलकर बात की। घरेलू समर्थन की उम्मीद में रांची रॉयल्स आक्रामक हॉकी का वादा कर रही है, जबकि अन्य टीमें अनुशासन, अनुभव और जुनून के दम पर खिताब की दावेदार हैं।

रांची रॉयल्स : घरेलू मैदान पर निडर और आक्रामक हॉकी

रांची रॉयल्स की कप्तान निक्की प्रधान ने घरेलू दर्शकों को टीम की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा, “हमें गर्व है कि लीग की शुरुआत अपने घरेलू मैदान रांची से कर रहे हैं, जहां हॉकी के प्रति गजब का जुनून है। हम पहले मिनट से ही निडर और आक्रामक हॉकी खेलेंगे। मेरा फोकस टीम को एक मजबूत यूनिट बनाने पर है, जहां हर खिलाड़ी खुलकर खेल सके। अगर हम अपनी संरचना पर कायम रहें और बड़े मौकों का फायदा उठाएं, तो नतीजे हमारे पक्ष में होंगे।” घरेलू समर्थन के बल पर रॉयल्स खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही है।

दिल्ली एसजी पाइपर्स : बाउंस-बैक की मानसिकता के साथ मैदान पर

दिल्ली एसजी पाइपर्स की कप्तान नवनीत कौर ने टीम में ‘बाउंस-बैक’ की मजबूत सोच पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “इस बार हम पूरी तरह बदले इरादों के साथ उतर रहे हैं। टीम में अंतरराष्ट्रीय अनुभव और भारतीय खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण है। कोच सोफी गियर्ट्स की ट्रेनिंग बेहद संरचित और चुनौतीपूर्ण रही है। हमारा फोकस अनुशासन, मजबूत डिफेंस और सामूहिक जिम्मेदारी पर है। इससे टीम में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल बना है और सभी एक ही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

सूरमा हॉकी क्लब : पिछले सीजन का दर्द बनेगा प्रेरणा

पिछले सीजन फाइनल में हार का दर्द झेल चुकी जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब इस बार सबसे खतरनाक दिख रही है। कप्तान सविता पुनिया ने कहा, पिछले सीजन खिताब के इतने करीब पहुंचकर हारना दर्दनाक था, लेकिन उसी दर्द ने हमारे इरादों को और पुख्ता किया है। सूरमा का इस लीग में अधूरा काम बाकी है। हम दर्शकों को प्रेरित करना चाहते हैं और साबित करना चाहते हैं कि इस बार हम काम पूरा कर सकते हैं। उप-कप्तान सलीमा टेटे ने कहा कि हर मिनट पूरे इरादे से खेलना जरूरी है। टीम में हर पोजिशन पर क्वालिटी है। अनुशासन, मिडफील्ड कंट्रोल और दबाव में भरोसा बनाए रखें तो खिताब हमारा हो सकता है।

श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स : स्पीड, जज्बा और बंगाल की पहचान

श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स की कप्तान वंदना कटारिया ने टीम को एकजुट और निडर बताया। उन्होंने कहा, “यह खास टीम है, जिसमें बंगाल की मजबूत पहचान और खुद को साबित करने की भूख है। हम हर मैच में स्पीड, फ्लेयर और दिल से खेलेंगे। हर प्रतिद्वंद्वी का सम्मान करते हैं, लेकिन किसी से डरते नहीं। गेंद पर साहस, एकजुट डिफेंस और दबाव में संयम रखें तो हम खिताब की मजबूत दावेदार बन सकते हैं। ”लीग की शुरुआत के साथ रांची में हॉकी का उत्साह चरम पर है। दर्शकों की भारी भीड़ की उम्मीद है और स्टेडियम में शानदार माहौल रहने की संभावना है। हॉकी प्रेमी आज शाम के उद्घाटन मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Read Also- IIM पुल के पास बिजली केबल में लगी आग, कई इलाकों में बत्ती गुल

Related Articles