Hazaribag : झारखंड के हजारीबाग जिला अंतर्गत बरही थाना क्षेत्र के पंचमाधव स्थित जीटी रोड पर शनिवार को एक सड़क हादसा हो गया। मैट्रिक की परीक्षा देने जा रहे परीक्षार्थियों से भरी एक मिनी बस ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। इसके बाद बेकाबू बस डिवाइडर से टकरा गई।
दुर्घटना में बाइक सवार ग्रामीण की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि, मिनी बस में सवार पांच परीक्षार्थी ज़ख्मी हो गए। मृतक की पहचान बरकट्ठा थाना क्षेत्र के चेचकपी गांव निवासी 55 वर्षीय जय किशोर मेहता के रूप में हुई है।
बताया गया कि वह अपने गांव चेचकपी से बाइक पर सवार होकर अपने नए घर रोमी जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। सभी ज़ख्मी परीक्षार्थी डॉ. भीमराव अंबेडकर पब्लिक स्कूल, मलकोको के छात्र हैं। यह लोग मिनी बस से मां विंध्यवासिनी बीएड कॉलेज, पदमा स्थित परीक्षा केंद्र जा रहे थे। एक्सीडेंट के बाद घायलों को फौरन अनुमंडलीय अस्पताल, बरही में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घायलों में खालिद राजा (16) (पिता–अब्दुल कुदुस), जावेद अख्तर (16) (पिता–मो. जब्बार), फरहान राजा (17) (पिता–हाशिम अंसारी), इलियास आलम (15) (पिता–कलीम अंसारी) व अमन पासवान (16) (पिता–सकलदेव पासवान) शामिल हैं। इनमें से तीन छात्रों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकिं चिकित्सकों के अनुसार, सभी छात्र खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही बरही बीडीओ जयपाल महतो, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, अनुमंडल अस्पताल के डीएस डॉ. प्रकाश ज्ञानी सहित कई समाजसेवी व जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की व्यवस्था में सहयोग किया। सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर कुमार और स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच में जुट गई है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

