दुमका : झारखंड के दुमका स्थित अटल बिहारी वाजपेयी बस स्टैंड से एक निजी बस के अचानक गायब होने की घटना ने शनिवार सुबह सनसनी फैला दी। सुबह जब पागल बाबा कंपनी के चालक और अन्य कर्मचारी बस स्टैंड पहुंचे तो निर्धारित स्थान पर बस नहीं मिली। बस की देखरेख करने वाला खलासी भी गायब था, जिसके बाद कर्मियों ने बस चोरी की आशंका जताते हुए नगर थाना को सूचना दी।
कथित बस चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय होकर विभिन्न स्थानों पर खोजबीन शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि बस मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोदो खिच्चा गांव के समीप दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बस को अपने कब्जे में ले लिया।
दोस्ती निभाने के चक्कर में खलासी ने उठाया बड़ा कदम
बताया जाता है कि शुक्रवार शाम बस स्टैंड में बस खड़ी करने के बाद चालक और अन्य कर्मचारी अपने अपने घर चले गए थे। अन्य दिनों की तरह बस की जिम्मेदारी खलासी को सौंपी गई थी। बताया जाता है कि देर रात खलासी का एक मित्र उससे मिला, जिसे घर जाने के लिए कोई वाहन नहीं मिल रहा था। मित्र की मदद करने के उद्देश्य से खलासी बिना किसी को बताए बस लेकर निकल पड़ा।
मित्र को घर पहुंचाने के दौरान रास्ते में ही बस दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे के बाद बस वहीं छोड़ कर चला गया। इधर, सुबह बस स्टैंड से बस के गायब मिलने पर कर्मियों को इसकी जानकारी नहीं थी, जिसके कारण पहले इसे चोरी की घटना माना गया।
खलासी हिरासत में, चल रही जांच
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने खलासी को हिरासत में लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बस किस परिस्थिति में स्टैंड से निकाली गई और दुर्घटना कैसे हुई। फिलहाल पुलिस अधिकारी मामले पर खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे है।
Read Also- Chaibasa News : सोनुवा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई : बालू लदे तीन ट्रैक्टर जब्त, चालक फरार

