Jamshedpur : जिले में मिर्गी रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ‘प्रोजेक्ट उल्लास’ के तहत गोलमुरी सह जुगसलाई प्रखंड में तीन स्थानों पर निःशुल्क मिर्गी जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। शिविरों में नई दिल्ली स्थित एम्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की स्क्रीनिंग कर चिकित्सीय परामर्श दिया तथा मुफ्त दवाएं उपलब्ध कराईं।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर घोड़ाबांधा, गदरा और सुंदरनगर में आयोजित शिविरों में कुल 120 मरीजों की जांच की गई। घोड़ाबांधा स्थित शिविर का निरीक्षण कर्ण सत्यार्थी ने किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से संवाद कर दवाइयों के नियमित सेवन और चिकित्सकीय सलाह के अनुपालन के लिए प्रेरित किया। मरीजों ने शिविर से मिले लाभ पर संतोष जताते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि डीसी कर्ण सत्यार्थी की पहल पर पूर्वी सिंहभूम जिले में मिर्गी रोगियों की स्क्रीनिंग, इलाज और निःशुल्क दवा वितरण हेतु जिला स्वास्थ्य समिति के माध्यम से विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य मिर्गी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना, वैज्ञानिक उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्राथमिक उपचार और बचाव की जानकारी देना है।
उपायुक्त के निर्देश पर तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत 22 और 23 फरवरी को पोटका प्रखंड में भी शिविर लगाए जाएंगे। नागरिकों से अपील की गई है कि यदि परिवार या आसपास किसी को मिर्गी की समस्या हो, तो उन्हें शिविर में आकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने के लिए प्रेरित करें।
पोटका प्रखंड में शिविर का कार्यक्रम
22.02.2026 (रविवार)
- आयुष्मान आरोग्य मंदिर, आसनबनी: सुबह 8 से 10 बजे
- आयुष्मान आरोग्य मंदिर, कालिकापुर: सुबह 11 से 1 बजे
- आयुष्मान आरोग्य मंदिर, शंकरदा: दोपहर 2 से 5 बजे
23.02.2026
- आयुष्मान आरोग्य मंदिर, हरिना: सुबह 11 से 1 बजे
- आयुष्मान आरोग्य मंदिर, हल्दीपोखर: दोपहर 2 से 5 बजे

