Jamshedpur : बर्मामाइंस स्थित ईस्ट प्लांट बस्ती में बुधवार से सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। वृंदावन से आए कथावाचक पवन कृष्ण शास्त्री ने कथा के प्रथम दिन भागवत महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति मार्ग से जोड़ा।
सुबह निकाली गई कलश यात्रा
कथा के शुभारंभ से पहले कलश यात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु शामिल हुईं। आयोजन समिति के मुख्य आयोजक राजेश सिंह ने बताया कि बस्तीवासियों के सहयोग से आयोजित यह आध्यात्मिक अनुष्ठान आगामी 1 अप्रैल तक चलेगा। कथा का समय प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक निर्धारित किया गया है।
भागवत श्रवण से मिटते हैं कष्ट
व्यास पीठ से कथा का रसपान कराते हुए पवन कृष्ण शास्त्री ने कहा कि श्रीमद् भागवत केवल एक ग्रंथ नहीं, बल्कि साक्षात श्रीहरि का स्वरूप है। कलयुग में केवल श्रवण मात्र से ही मनुष्य के जन्म-जन्मांतर के पाप कट जाते हैं और उसे मोक्ष की प्राप्ति होती है। उन्होंने भक्तों को प्रभु की शरणागति और सत्संग के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। आयोजक राजेश सिंह ने सभी धर्मप्रेमियों से आग्रह किया है कि वे इस ज्ञान यज्ञ में शामिल होकर पुण्य के भागी बनें।

