RANCHI: रांची सदर अस्पताल में डिप्टी सुपरिंटेंडेंट डॉ. बिमलेश कुमार सिंह ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, रजिस्ट्रेशन काउंटर, किचन, विभिन्न ओपीडी और अस्पताल की फार्मेसी की व्यवस्था देखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खुद कई दवाओं की एक्सपायरी डेट भी चेक की और स्टाफ को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ने फार्मेसी इंचार्ज और अन्य कर्मचारियों को मरीजों और उनके परिजनों के साथ विनम्र व्यवहार करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज को दवा देने से पहले उसकी एक्सपायरी डेट जरूर जांच लें, ताकि किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
मरीज ने की दवा न मिलने की शिकायत
निरीक्षण के दौरान एक महिला मरीज ने शिकायत की कि डॉक्टर द्वारा लिखी गई दो दवाएं फार्मेसी में उपलब्ध नहीं है। इस पर डीएस ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में दवाओं की कोई सामान्य कमी नहीं है, लेकिन कुछ विशेष दवाएं फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी जरूरी दवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल की फार्मेसी में पर्याप्त मात्रा में एंटीबायोटिक्स उपलब्ध हैं। वार्ड व इनडोर मरीजों के लिए दवाएं व इंजेक्शन भी पर्याप्त हैं। उन्होंने कहा कि इस निरीक्षण का उद्देश्य छोटी से छोटी कमी को दूर करना है।
READ ALSO: RANCHI MUNICIPAL CORPORATION: 31 मार्च को मांस-मछली की दुकानें रहेंगी बंद, आरएमसी ने जारी किया नोटिस

