Deoghar : झारखंड की आस्था का प्रमुख केंद्र बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर अब पहले से कहीं ज्यादा कड़ी निगरानी में है। दानपेटी में पाकिस्तानी करेंसी मिलने की घटना के बाद जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंदिर के सभी मुख्य प्रवेश द्वारों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ा दी गई है, ताकि हर श्रद्धालु की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
मंदिर परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है। संदिग्ध लगने पर मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है। सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए जिला पुलिस के साथ आईआरबी के जवानों की भी तैनाती कर दी गई है।
मंदिर के तीर्थ पुरोहितों का कहना है कि घटना के बाद से श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। अब यहां केवल आस्था ही नहीं, बल्कि सतर्कता भी उतनी ही जरूरी हो गई है।
मंदिर थाना प्रभारी रवि ठाकुर के अनुसार, मंदिर की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी कर रहे हैं और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को तुरंत हिरासत में लेकर जांच की जाएगी।
वहीं श्रद्धालुओं ने सुरक्षा व्यवस्था को जरूरी बताया है, लेकिन कुछ महिला श्रद्धालुओं ने महिला पुलिसकर्मियों की कमी की ओर भी ध्यान दिलाया है। उनका कहना है कि कई बार पुरुष पुलिसकर्मी ही जांच करते हैं, जिससे असहजता होती है।
फिलहाल, पूरे मंदिर परिसर में सुरक्षा का दायरा बढ़ा दिया गया है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें।

